राजद का बड़ा दांव, क्या बिहार को मिलेंगे 3 डिप्टी सीएम?

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 9 अक्टूबर 2025 (11:51 IST)
Bihar Assembly Elections : बिहार में विधानसभा चुनावों की घोषणा के साथ ही सियासी घमासान तेज हो गया है। राजग और महागठबंधन सीट शेयरिंग से लेकर उम्मीद्वारों की घोषणा की कवायद में जुटे हुए हैं। इस बीच राजद ने महागठबंधन के सामने तेजस्वी यादव को मुख्‍यमंत्री और 3 नेताओं को डिप्टी सीएम बनाने का प्रस्ताव पेश किया है। 
 
राजद की ओर से पेश किए गए फॉर्मूले में कहा गया है कि इसमें एक आरजेडी से, एक कांग्रेस से और एक वीआईपी से डिप्टी सीएम का नाम प्रस्तावित है। इसमें एक उपमुख्यमंत्री दलित समुदाय से, दूसरा मुस्लिम समुदाय से और तीसरा उपमुख्यमंत्री अतिपिछड़ा वर्ग से होगा। हालांकि राजद के इस प्रस्ताव पर फिलहाल कांग्रेस ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
 
गौरतलब है कि राज्य में अब तक एक साथ अधिकतम 2 ही डिप्टी सीएम रहे हैं। हाल ही में नीतीश कुमार की सरकार में भी विजन कुमार सिन्हा और सम्राट चौधरी के रूप में 2 डिप्टी सीएम थे।
 
संविधान में उपमुख्यमंत्री का कोई अलग प्रावधान नहीं है। हालांकि पार्टियां राजनीति और जातीय संतुलन साधने के लिए विधायकों को उपमुख्‍यमंत्री पद ऑफर कर देती है।
 
महागठबंधन में फिलहाल सीटों को लेकर भी घमासान मचा हुआ है। आरजेडी के लगभग 125 सीटों पर चुनाव लड़ने की उम्मीद है। वहीं कांग्रेस 50 से 55 सीट और VIP 12 सीटों पर चुनाव लड़ सकती हैं। वीआईपी के 6 सिटिंग सीटों पर दावे ने पेच फंसा दिया है। इन 6 सीटों में आरजेडी, कांग्रेस और भाकपा माले की 2-2 सिटिंग सीटें शामिल हैं। वहीं भाकपा माले 2020 के फॉर्मूले से ज्यादा सीटों की मांग पर अड़ी है। वह राज्य में 19 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। इधर CPI और CPM 2020 के फार्मूले के आधार पर ही चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।
edited by : Nrapendra Gupta 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी