कौन हैं खेसारी लाल यादव, छपरा से भरा नामांकन, क्या है उनका असली नाम

शुक्रवार, 17 अक्टूबर 2025 (18:45 IST)
RJD candidate from Chapra Khesari Lal Yadav: भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव ने छपरा विधानसभा से नामांकन दाखिल किया है। उन्हें राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने टिकट दिया है। हालांकि इस सीट से वे अपनी पत्नी चंदा देवी को चुनाव लड़ाना चाहते थे, लेकिन बाद में खुद ही नामांकन दाखिल कर दिया। इससे पहले उन्होंने कहा था कि वे तेजस्वी यादव के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। यह सीट वर्तमान में भाजपा के पास है। हालांकि भाजपा ने वर्तमान विधायक डॉ. सीएन गुप्ता को टिकट काटकर छोटी कुमारी को उम्मीदवार बनाया है। 
 
इससे पहले गुरुवार को खेसारी लाल यादव और उनकी पत्नी चंदा देवी ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की सदस्यता ली थी। उन्होंने पहले कहा था कि वे अपनी पत्नी को छपरा सीट से चुनाव लड़ने के लिए मना रहे हैं, लेकिन शायद पत्नी नहीं मानीं। ... और फिर उनको ही चुनाव मैदान में उतरना पड़ा। उन्होंने कहा कि मैं कभी भी राजनीति में नहीं आना चाहता था। 
 
छपरा में बहुत समस्याएं हैं : खेसारी ने कहा कि अब मैं राजनीति को ज्यादा समय दूंगा। हालांकि संगीत को छोड़ूंगा नहीं, थोड़ा कम करूंगा। उन्होंने कहा कि छपरा में बहुत ज्यादा समस्याएं हैं। इस बार की बारिश में तो कलेक्टर ऑफिस तक में पानी घुस गया था। उन्होंने कहा कि तेजस्वी भैया और पूरे महागठबंधन का संकल्प है कि हमें बिहार के लोगों का पलायन रोकना है। उन्होंने कहा कि हम हर शहरों में जाकर काम करते हैं। दुनिया हमें मजदूर समझती है। अगर हम अपने शहर में अपने घर में मजदूरी करेंगे तो लोग हमें मजदूर नहीं कहेंगे। 

नामांकन से पहले खेसारी ने कहा था- मैं, आप सभी का बेटा और भाई खेसारी लाल यादव, इस बार छपरा विधानसभा से चुनाव लड़ रहा हूं। मैं कोई परंपरागत नेता नहीं हूं, मैं आप सभी जनता जनार्दन का बेटा हूं, खेत-खलिहान का लाल हूं, हर तबके की आवाज हूं और युवा भाइयों का जोश हूं। मेरे लिए राजनीति कोई कुर्सी की दौड़ नहीं है, ये एक जिम्मेदारी है, छपरा के हर घर तक विकास पहुंचाने की, हर दिल की आवाज़ बनने की।
 
कौन हैं खेसारी लाल यादव : खेसारी लाल यादव भोजपुरी सिनेमा के एक जाने-माने अभिनेता और गायक हैं। खेसारी का असली नाम शत्रुघ्न कुमार यादव है। वे मुख्य रूप से भोजपुरी सिनेमा में काम करते हैं। उन्हें पहली सफलता अपने भोजपुरी एल्बम 'माल भेटाई मेला' से मिली थी। उनकी पहली फिल्म 'साजन चले ससुराल' (2011) थी। इसके बाद वह भोजपुरी फिल्म जगत के सितारे बन गए। उनका जन्म 15 मार्च 1986 को बिहार के छपरा जिले में हुआ। उन्होंने बिग बॉस 13 में भी भाग लिया था।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी