अजय देवगन की 'तान्हाजी : द अनसंग वॉरियर' 2020 की सबसे बड़ी हिट

शनिवार, 7 नवंबर 2020 (06:48 IST)
अजय देवगन की 'तान्हाजी : द अनसंग वॉरियर' 2020 की सबसे बड़ी हिट  : कई लोगों और व्यवसायों के लिए 2020 का साल सबसे बुरा रहा। बॉलीवुड भी इससे अछूता नहीं है। शुरुआत के ढाई महीने ही फिल्म व्यवसाय अपनी रफ्तार से चलता रहा, लेकिन कोरोनावायरस से सब कुछ चौपट कर दिया। लॉकडाउन के कारण महीनों तक सिनेमाघर बंद पड़े रहे। जब खुलने की इजाजत मिली तो माहौल ऐसा हो गया कि अधिकांश सिनेमाघर अभी भी बंद पड़े हैं और 2020 के अंत तक कुछ भी आशाजनक नजर नहीं आ रहा है। 


 
2020 में कोई भी बड़ी फिल्में रिलीज नहीं हो रही हैं। कुछ ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर दिखाई जा रही हैं तो कुछ अनिश्चितकाल के लिए आगे बढ़ा दी गई है। ये बात तय है कि 2020 में अब दर्शकों को बड़े सितारों से सज्जित या ऐसी फिल्म देखने को नहीं मिलेगी जो बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कलेक्शन करे। 
 
व्यवसाय की दृष्टि से देखा जाए तो 2020 में सबसे ज्यादा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन का रिकॉर्ड अजय देवगन की फिल्म 'तान्हाजी : द अनसंग वॉरियर' के नाम है। 10 जनवरी 2020 को रिलीज यह फिल्म अजय के करियर की सबसे बड़ी हिट भी है। 


 
इस फिल्म ने 279.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिल्म ने पहले वीकेंड पर 61.93 करोड़ रुपये और पहले सप्ताह में 118.91 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। 2020 में यह किसी भी फिल्म का पहले वीकेंड और पहले सप्ताह का सर्वाधिक कलेक्शन है। 
 
2020 को खत्म होने में अब ज्यादा समय बाकी नहीं है। साथ ही कोई बड़ी फिल्म भी रिलीज नहीं हो रही है, तो यह बात तय है कि 2020 की सबसे बड़ी हिट या सर्वाधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म तान्हाजी ही होगी। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी