'संतोषी मां सुनाएं व्रत कथाएं' की एक्ट्रेस ने बताई हरियाली तीज से जुड़ी यह खास बातें

गुरुवार, 23 जुलाई 2020 (13:02 IST)
'हरियाली तीज' मॉनसून के दौरान मनाया जाने वाला एक प्रमुख त्योहार है। यह व्रत मुख्य रूप से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और राजस्थान में विवाहित महिलाएं रखती हैं। महिलाएं अपने पतियों की लंबी उम्र और समृद्धि के लिए यह व्रत करती हैं। चूंकि, यह त्योहार मानसून में मनाया जाता है, इसलिए इसे श्रावण तीज या छोटी तीज भी कहा जाता है।

 
इस त्योहार में भगवान शिव और देवी पार्वती की पूजा की जाती है। एण्ड टीवी के 'संतोषी मां सुनाएं व्रत कथाएं' की ग्रेसी सिंह (संतोषी मां) और तन्वी डोगरा (स्वाति) सभी शादीशुदा महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनायें दे रही हैं।
 
हरियाली तीज की मान्यता के बारे में बताते हुए एण्ड टीवी के 'संतोषी मां सुनाएं व्रत कथाएं' में संतोषी मां की भूमिका निभा रहीं ग्रेसी सिंह ने कहा, 'हरियाली तीज महिलाओं द्वारा अपने पतियों के लिए की जाने वाली दुआओं का सबसे पावन रूप है। महिलाएं भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा करती हैं, जिन्हें प्रेम का प्रतीक माना जाता है। 
 
उन्होंने कहा, हरियाली तीज की कहानी हरितालिका कथा में दी गई है। हरितालिका देवी पार्वती की भगवान शिव के प्रति उनके प्रेम और विश्वास की कहानी है। अपने इसी प्रेम की वजह से देवी पार्वती ने भगवान शिव को प्रसन्न किया था और शादी करके उनकी जीवन संगिनी बनी। महिलाएं हरतालिका पूजा करती हैं और पूजा में हरतालिका की कहानी कहती हैं। यह प्रार्थना का सबसे शुद्ध रूप है, जो प्रेम के नाम पर की जा सकती है। इस हरियाली तीज, मैं कामना करती हूं कि प्रत्येक महिला को सुखमय विवाहित जीवन का आनंद और ढेर सारा प्यार एवं मां पार्वती का आर्शीवाद मिले।
 
हरियाली तीज की विधि के बारे में बताते हुए सीरियल में स्वाति की भूमिका निभा रहीं तन्वी डोगरा ने कहा, हरियाली तीज पूरे भारत में शादीशुदा महिलाओं के लिए एक विशेष अवसर है। यह पर्व खासतौर से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और झारखंड में मनाया जाता है। इस अवसर हर साल, महिलाएं सूर्योदय के समय ही उठ जाती हैं और शिव-पार्वती की पूजा करती हैं। वे भगवान से अपने पति की लंबी उम्र, सेहत और सौभाग्य की कामना करती हैं। 
 
प्रार्थना करने के साथ ही महिलाएं मां पार्वती को बेलपत्र, फल और फूल भी अर्पित करती हैं। वे पूरे दिन उपवास रखती हैं और शाम को सादा शाकाहारी भोजन ग्रहण कर अपना व्रत तोड़ती हैं। कुछ महिलाएं अपने मायके भी जाती हैं और वहां पर अपने माता-पिता से आर्शीवाद के रूप में मिठाईयां, मेंहदी और खूबसूरत चूड़ियां प्राप्त करती हैं। एण्ड टीवी के संतोषी मां सुनाएं व्रत कथाएं की पूरी टीम की ओर से, मैं सभी विवाहित महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनायें देती हूं।
 
रश्मि शर्मा टेलीफिल्म्स द्वारा निर्मित, एण्ड टीवी के 'संतोषी मां सुनाएं व्रत कथाएं' में 'भक्त और भगवान' के बीच के निर्मल संबंध को दिखाया गया है। इसके आगामी एपिसोड्स में स्वाति के लिए चुनौतीपूर्ण स्थितियों और संतोषी मां द्वारा विभिन्न व्रत कथाओं के जरिए बताए जा रहे समाधानों को दिखाया जाएगा।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी