बांग्लादेश सरकार ने नहीं दी नोरा फतेही को डांस करने की अनुमति, बताया यह कारण

WD Entertainment Desk

बुधवार, 19 अक्टूबर 2022 (11:16 IST)
नोरा फतेही ने अपनी जबरदस्त डांसिंग मूव्स से दुनियाभर में एक अलग पहचान बनाई है। बॉलीवुड की लगभग सभी फिल्मों में नोरा का एक आइटम सॉन्ग जरूर रहता है। नोरा को डांस करता देख कई लोग खुश हो जाते है। वहीं अब नोरा को लेकर एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। 

 
बांग्लादेश सरकार ने नोरा फतेही के डांस कार्यक्रम पर रोक लगा दी है। नोरा को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित एक इवेंट में परफॉर्मेंस देना था। लेकिन, उन्हें इस इवेंट में शामिल होने की परमिशन ही नहीं मिली। 
 
नोरा को परमिशन न मिलने के पीछे काफी अजीब कारण बताया गया है। बांग्लादेश सरकार ने यह कहकर अनुमति नहीं दी कि वे फिजूलखर्ची में डॉलर खर्च नहीं करना चाहते। बांग्लादेश इन दिनों घटते विदेशी मुद्रा भंडार और महंगाई से जूझ रहा है। 
 
बांग्लादेश के सांस्कृतिक मामलों के मंत्रालय ने एक नोटिस जारी किया। इस नोटिस में लिखा गया है कि, नोरा को वैश्विक स्थिति के मद्देनजर विदेशी मुद्रा भंडार को बनाए रखने के उद्देश्य से इवेंट में परफॉर्मेंस देने से मना किया गया था। एक्ट्रेस को वुमेन लीडरशिप कॉर्पोरेशन की तरफ से आयोजित एक प्रोग्राम में डांस करने के लिए बुलाया गया था। 
 
वर्क फ्रंट की बात करें तो नोरा फतेही इन दिनों एक डांस रियलिटी शो जज करती नजर आने वाली हैं। इसके अलावा वह अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म में 'मणिके' गाने पर अपने डांस का जलवा दिखाने वाली हैं। 
Edited By : Ankit Piplodiya 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी