टीवी एक्टर अंश बागरी के साथ घर के बाहर 8-10 लोगों ने की मारपीट

मंगलवार, 28 जुलाई 2020 (11:41 IST)
टीवी शो दिल तो हैप्पी है जी में राकी की भूमिका अदा करने वाले  अंश बागरी के साथ उनके घर के बाहर आठ से दस लोगों ने मारपीट की जिसके कारण अंश को चोट पहुंची है। 
 
यह घटना अंश के दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित उनके घर के बाहर हुई। पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है। गौरतलब है कि अंश पंजाब में 'वेल्लापंती' की शूटिंग कर हाल ही में दिल्ली लौटे हैं। 


 
अंश ने एक इंटरव्यू में बताया कि यह हमला एक ठेकेदार ने योजनाबद्ध तरीके से उन पर करवाया है। उनका ठेकेदार से विवाद चल रहा था। इस ठेकेदार को कुछ महीने पहले अंश के घर के कंस्ट्रक्शन की जिम्मेदारी दी गई थी। 
 
मार्च में लॉकडाउन के कारण काम रूक गया। पैसों को लेकर अंश और ठेकेदार में बहस भी हुई थी। ठेकेदार ने काम छोड़ते हुए अंश को धमकी भी दी थी। 
 
25 जुलाई को कुछ लोग अंश के घर पहुंचे और उन्होंने कहा कि वे अंश से बात करना चाहते हैं। अंश घर से बाहर निकले तो उन्हें वह ठेकेदार नजर आया जो वीडियो बना रहा था। 
 
अंश ने यह नजारा देख अंदाजा लगाया कि कुछ गड़बड़ी है। उन्होंने पुलिस को फोन लगाया और घर के अंदर जाने लगे। तभी उन्हें धक्का दे दिया गया और पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच पुलिस पहुंच गई और अंश को बचाया। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी