अनुष्का-कोहली की शादी की अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं

बुधवार, 6 दिसंबर 2017 (22:10 IST)
मुंबई। भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की अगले हफ्ते शादी करने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है, बॉलीवुड स्टार के प्रवक्ता ने आज इसकी पुष्टि की।


कई टीवी चैनलों ने यह खबर चलानी शुरू कर दी थी कि यह जोड़ा जल्द ही 11 से 13 दिसंबर के बीच इटली के मिलान शहर में शादी के बंधन में बंधने वाला है, जिसके बाद प्रवक्ता ने इस खबर का खंडन किया।

अनुष्का के प्रवक्ता ने कहा, ‘शादी की अफवाहों में बिलकुल भी सच्चाई नहीं है।’ अक्टूबर में एक अखबार ने खबर छापी थी कि दोनों इटली में शादी कर सकते हैं। कोहली के श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज में आराम दिए जाने के बाद अफवाहों ने जोर पकड़ लिया।

लंबे समय से रोमांस
इसमें कोई शक नहीं कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा में लंबे समय से रोमांस चल रहा है। इसके बाद से ही उनके फैंस जानना चाहते थे कि वे शादी कब करने जा रहे हैं। हालांकि पिछले कुछ दिनों से चर्चा चल रही थी कि दिसम्बर में दोनों शादी कर सकते हैं।

इटली में शादी के चर्चे
पहले यह खबर आई थी कि दोनों डेस्टिनेशन वेडिंग करने जा रहे हैं। वे इटली में शादी करेंगे। यह शादी दिसम्बर दूसरे हफ्ते में होगी। 9 से 11 दिसम्बर तक रस्में निभाई जाएंगी लेकिन अनुष्का के प्रवक्ता द्वारा प्रेस को दी गई जानकारी के मुताबिक यह कोरी अफवाह भर है।

टिकटें हुईं बुक होने से संदेह बढ़ा
असल में कोहली और शर्मा परिवार के सदस्यों के ‍इटली के टिकट बुक होने की वजह से इन अटकलों का बाजार गर्म हुआ कि वे मिलना शहर में ब्याह रचाएंगे। यह भी कहा जा रहा था कि इस शादी में केवल नजदीकी लोग जाएंगे।

मीडिया में तो यहां तक कहा जाने लगा कि मिलान में शादी के बाद वे भारत में भी एक भव्य पार्टी देंगे, जिसमें क्रिकेट और फिल्म जगत के कई लोग मौजूद रहेंगे। अब अंदर की बात क्या है यह तो दोनों के परिजन ही जानते हैं।

विराट की मांग
इसमें भी कोई दो राय नहीं कि विराट अब अपने रिश्ते को नेक्स्ट लेवल पर ले जाना चाहते हैं और वे लगातार अनुष्का से कह रहे थे कि अब शादी कर लेना चाहिए। अनुष्का थोड़ा समय और चाहती थीं क्योंकि बॉलीवुड में उनका करियर अच्छा चल रहा है। ये दोनों सितारे आने वाले समय में जब तक खुद आगे होकर शादी की तारीख का ऐलान नहीं कर देते, तब तक देशभर में खबरों का दौर यूं ही बना रहेगा। (भाषा/वेबदुनिया) 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी