'द कश्मीर फाइल्स' देखकर फूट-फूटकर रोईं महिला, निर्देशक विवेक अग्निहोत्री के पैर छूकर कही यह बात

शुक्रवार, 11 मार्च 2022 (16:45 IST)
विवेक रंजन अग्निहोत्री की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। कश्मीरी पंडितों का दर्द बयां करती इस फिल्म में अनुपम खे, मिथुन चक्रवर्ती, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी और पुनीत इस्सर अहम भूमिका में हैं। फिल्म की सक्रीनिंग के दौरान के कई सारे वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

 
इन वीडियो में फिल्म देखेन के बाद दर्शक काफी भावुक नजर आ रहे हैं। हाल ही में एक ऐसा ही वीडियो एक्टर दर्शन कुमार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे लोग ये फिल्म देखकर बाहर आने के बाद अपनी भावनाओं पर नियंत्रण नहीं रख पा रहे हैं और निर्देशक विवेक अग्निहोत्री का शुक्रिया अदा करते दिख रहे हैं।
 
दर्शन कुमार ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें दिख रहा है कि एक महिला फूट-फूटकर रो रही हैं। इसके बाद उस महिला ने विवेक अग्रिहोत्री के पैर छुए और उनका शुक्रिया अदा किया। महिला रोते हुए विवेक से कहती हैं, हमारे साथ जो कुछ हुआ, आपके अलावा ये फिल्म कोई और नहीं कर सकता था। आप हमारे लिए भगवान हैं।
 
इसी बीच एक्टर दर्शन कुमार भी वहां पहुंच जाते हैं। महिला दर्शन कुमार को भी गले से लगा लेती है और अपना आशीर्वाद देती है। इसके अलावा और लोग भी विवेक को घेरे हुए हैं और इस फिल्म को बनाने के लिए उनका आभार जाहिर कर रहे हैं। 
 
फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' की कहानी कश्मीर के एक टीचर पुष्कर नाथ पंडित (अनुपम खेर) की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमती है। कृष्णा (दर्शन कुमार) अपने दादा पुष्कर नाथ पंडित की आखिरी इच्छा पूरी करने लिए दिल्ली से कश्मीर आता है। इसके बाद फिल्म की कहानी फ्लैशबैक में चली जाती है और साल 1990 की कहानी को हर तरह से दिखाया जाता है। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी