संकट की घड़ी में जीबन पात्रा के परिवार के साथ हैं प्रियंका चोपड़ा
WD
प्रियंका चोपड़ा पिछले दिनों यूएस और कनाडा टूर पर थीं। उनके साथ क्रू मेंबर्स भी थे। लॉस एंजिल्स से प्रियंका कनाडा रवाना हुई, लेकिन उनका एक क्रू मेंबर जीबन पात्रा वीजा संबंधी समस्या के कारण कनाडा नहीं जा पाए और उन्हें लॉस एंजिल्म स्थित होटल में ही रूकना पड़ा। सात अप्रैल को 41 वर्षीय जीबन अपने रूम में मृत पाए गए। लॉस एंजिल्स पुलिस डिपार्टमेंट इसकी जांच कर रहा है, उसने जीबन के शव को भारत ले जाने की इजाजत दे दी है। प्रियंका चोपड़ा इस मामले को पूरी तरह गंभीरता से ले रही हैं।
प्रियंका के अधिकृत प्रवक्ता ने इस बारे में कहा है ‘यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और अप्रत्याशित स्थिति है। जीबन पात्रा के परिवार के साथ हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। हमारा उद्देश्य सबसे पहले श्री पात्रा के पार्थिव शरीर को उनके परिवार तक पहुंचाना है। यह घटना विदेश में हुई, जहां उनके परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इस घटना के बाद विभिन्न स्तरों पर कागजी कार्रवाई की गई ताकि मामले को प्रभावी ढंग से और समय पर पूरा किया जा सके। परिवार के सदस्यों द्वारा कागजी कार्रवाई में की गई देरी की वजह से उनके पार्थिव शरीर की स्वदेश वापसी में देरी हुई। श्री पात्रा के शव को भारत भेजने कि व्यवस्था करने में सुश्री चोपड़ा को भी भारत लौटने में थोड़ी देरी हो गई। हम उनके परिवार को मामले से संबंधित ताजा जानकारी देने के लिए लगातार संपर्क में हैं। जीबन के शव को भारत लाने के खर्च और जरूरी साधनों की व्यवस्था के लिए लॉस एंजिल्स में प्रियंका और उनकी टीम जुटी हुई है। इस संकट की घड़ी में हम उनके परिवार की हर जरूरत का ध्यान रखने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।‘