COVID-19 : भारत में 6 लाख के नीचे आए कोरोना के एक्टिव केस, मृत्यु दर में भी गिरावट

रविवार, 1 नवंबर 2020 (00:17 IST)
नई दिल्ली। देश में शनिवार को कोरोनावायरस (कोविड-19) से संक्रमित लोगों की संख्या 82 लाख के करीब पहुंच गई जबकि राहत की बात यह है कि सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 5.73 लाख से कम रह गई है। संक्रमित लोगों की मृत्यु दर (CFR) शनिवार को 1.5 प्रतिशत से नीचे आ गई।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी और मृत्यु दर को नीचे रखने का श्रेय केंद्र सरकार के नेतृत्व वाली जांच करने, संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने और उपचार करने की रणनीति को दिया।
 
उसने बताया कि देश में प्रति 10 लाख लोगों में मौत की दर बहुत कम (88) है। मंत्रालय ने बताया कि 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सीएफआर राष्ट्रीय औसत से कम है जबकि कुल मृतकों में से 65 प्रतिशत लोगों की मौत 5  राज्यों में हुई है। उसने बताया कि शुक्रवार को कुल 551 लोगों की मौत हुई और संक्रमण से रोजाना मारे जा रहे लोगों की संख्या में लगातार कमी आ रही है।
 
विभिन्न राज्यों से प्राप्त रिपोर्टों के मुताबिक आज देर रात तक संक्रमण के 42,979 नए मामले सामने आने के साथ संक्रमितों का कुल आंकड़ा 81,79,145 हो गया है और मृतकों की संख्या 390 और बढ़कर 1,22,071 हो गई है।
 
देश में नए मामलों की तुलना में कोरोना महामारी से निजात पाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है और इसी कड़ी में 51,368 और मरीजों के स्वस्थ होने से अब तक 74,82,279 लोग इस बीमारी से मुक्ति पा चुके हैं।
 
नए मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में वृद्धि होने के कारण सक्रिय मामलों में 9,433 की और कमी दर्ज की गई है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर अब 5,73,372 रह गई है।
 
कोरोना से देश में सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 1,23,589 तक रह गई, जो सक्रिय मामलों के साथ शीर्ष पर है जबकि केरल 91,194 सक्रिय मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है। कर्नाटक 55,017 मामलों के साथ अब तीसरे स्थान पर है जबकि पश्चिम बंगाल 36,886 मामलों के साथ चौथे स्थान पर है।
 
कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के नए मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में वृद्धि होने से सक्रिय मामलों में 2,386 की और गिरावट दर्ज की गई। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर अब 1,23,585 रह गई।
 
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 5,548 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16,78,406 पहुंच गई। इसी अवधि में 7,303 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 15,10,353 हो गई है तथा 74 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 43,911 हो गई है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 89.98 फीसदी पहुंच गई है जबकि मृत्यु दर महज 2.61 प्रतिशत है। कोरोना संक्रमण के मामले में भारत दुनियाभर में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है।
 
अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या 90,55,410 हो गई है। भारत हालांकि अमेरिका से अभी भी 8.76 लाख मामले पीछे है। कर्नाटक में कोरोनावायरस के 3014 नए मामले सामने आए और इससे संक्रमित मरीजों की संख्या 8,23,412 हो गई हैं जबकि 28 लोगों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या 11,168 पहुंच गई है। राज्य में अब तक 7,57,208 मरीज स्वस्थ हुए हैं।
 
दक्षिण भारत के एक अन्य राज्य आंध्रप्रदेश में कोरोना के 2783 मामले सामने आए हैं और 14 लोगों की मौत के साथ ही मृतकों का आंकड़ा 6690 हो गया है।
ALSO READ: COVID-19 in Delhi : दिल्ली में Corona के रिकॉर्ड मामले, संक्रमितों की संख्या 3.86 लाख के पार
तमिलनाडु में आज 2,511 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 7,24,522 पहुंच गई। पिछले 24 घंटों में कोरोना के संक्रमण से 31 और मरीजों मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 11,112 हो गया।
 
इस दौरान राज्य में 3,848 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्त पाने वालों की संख्या बढ़कर 6,91,236 हो गई।
 
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तरप्रदेश में कोरोना 23,768 सक्रिय मामले हैं। राज्य में सक्रिय मामलों लगातार गिरावट हो रही है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित 1781 नए मामले आए जबकि 2426 मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में अब तक कुल 4,51,070 व्यक्ति ठीक हो चुके हैं।
ALSO READ: विम्बलडन चैम्पियन सिमोना हालेप कोरोना से संक्रमित
केरल में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोनावायरस के 7983 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 4.33 लाख के पार पहुंच गई, लेकिन राहत की बात यह है कि सक्रिय मामलों में फिर से गिरावट दर्ज की गई है जो अब घटकर 91,194 हो गए हैं।
 
इस दौरान 7330 और मरीजों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की संख्या 3,40,324 हो गयी है। राज्य में इस दौरान संक्रमितों की कुल संख्या 4,33,106 तक पहुंच गई है तथा 27 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,485 हो गई है।
 
दिल्ली में 5,062 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,86,706 हो गई। वहीं इस दौरान 4,665 और मरीजों के स्वस्थ होने के बाद अब तक कुल 3,47,476 लोग कोरोनावायरस को मात दे चुके हैं। इसी अवधि में 41 और मरीजों की मौत होने से इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 6,511 हो गई है।
 
पश्चिम बंगाल में कोरोनावायरस (कोविड-19) के 3,993 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 3,73,664 हो गई है। इस दौरान 4,049 और मरीजों के स्वस्थ होने से रोगमुक्त लोगों की संख्या 3,29,937 हो गई है। इस दौरान 57 मरीज की मौत होने से मृतकों की कुल संख्या 6,841 तक पहुंच गई है। राज्य सक्रिय मामले घटकर 36,886 पहुंच गए हैं।
 
तेलंगाना में 1,445 नए मामलों की पुष्टि होने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,68,632 हो गई है। राज्य में कोरोना मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,336 हो गया है। इस बीच 1486 से अधिक मरीजों के ठीक होने बीमारी से निजात पाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,18,887 तक पहुंच गई है।
 
बिहार में कोरोना के 800 नए मामले सामने आए हैं जबकि 6 और मरीजों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या 1090 हो गई है। राज्य में फिलहाल 7,862 सक्रिय मामले हैं जबकि 2,07,811 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं।
 
असम में कोरोना के फिलहाल 10,421 सक्रिय मामले हैं जबकि 1,94,665 लोग इससे स्वस्थ हुए हैं। यहां 380 नए मामले सामने आने के साथ ही अब तक 2,06,015 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 926 लोगों की मौत हुई है।
 
राजस्थान में 1780 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1 लाख 96 हजार 993 हो गई तथा 9 मरीजों की मौत के साथ ही मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1907 पहुंच गया। राज्य में 15,102 सक्रिय मामले हैं।
 
गुजरात में कोरोना से 5 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 3719 हो गया है तथा इसके 935 नए मामले सामने आए जिससे संक्रमितों की कुल संख्या 172944 पर पहुंच गई है। इस दौरान 1014 और लोगों के ठीक होने से बीमारी से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 156219 हो गई है। राज्य में सक्रिय मामले आज घटकर 13006 हो गए हैं।
 
कोरोना महामारी से अब तक हरियाणा में 1787, जम्मू-कश्मीर में 1478, उत्तराखंड में 1023, झारखंड में 883, पुड्डुचेरी में 592, गोवा में 604, त्रिपुरा में 343, हिमाचल प्रदेश में 306, चंडीगढ़ में 226, मणिपुर में 168, लद्दाख में 73, मेघालय में 87, सिक्किम में 67, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 59, अरुणाचल प्रदेश में 37, नागालैंड में 39 तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में कोरोना से अब तक 2 लोगों की मौत हुई है। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी