मिल्खा सिंह की हालत फिर बिगड़ी, ICU में शिफ्ट किया गया

शुक्रवार, 4 जून 2021 (00:09 IST)
चंडीगढ़। महान भारतीय एथलीट मिल्खा सिंह की तबीयत एक बार फिर खराब हो गई है। उन्हें पीजीआईएमईआर के आईसीयू वार्ड में एडमिट किया गया है। खबरों के मुताबिक उनका ऑक्सीजन लेवल गिर गया है।
 
कुछ दिनों पूर्व वे कोरोना वायरस संक्रमित हो गए थे।  30 मई को मिल्खा सिंह को ऑक्सीजन सपोर्ट पर होने के बाद भी ‘स्थिर हालत’ में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

20 मई को महान भारतीय फर्राटा धावक मिल्खा सिंह कोरोना वायरस जांच में पॉजिटिव पाये गए थे और चंडीगढ स्थित अपने आवास पर पृथकवास में ही रहने का फैसला किया था।‘फ्लाइंग सिख’ के नाम से मशहूर 91 वर्ष के मिल्खा सिंह में कोई लक्षण नहीं थे।
 
इसके बाद एहतियात के तौर पर उन्हें मोहाली में फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मिल्खा सिंह (91 वर्ष) को 24 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था जबकि उनकी 82 वर्षीय पत्नी को 26 मई को कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद भर्ती किया गया था।
 
दोनों ही मिल्खा सिंह और उनकी पत्नी (भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम की अगुआई कर चुकीं) का मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में उपचार चल रहा था और अस्पताल से उनकी हालत स्थिर बताई जा रही थी और उनके लक्षण भी धीरे धीरे कम हो रहे थे। लेकिन आज मिल्खा सिंह की तबियत फिर खराब हो गई।

मिल्खा सिंह 1960 के रोम ओलंपिक में 47.6 सेकंड का रिकॉर्डतोड़ समय निकालने के बावजूद चौथे स्थान पर रहे थे और बेहद मामूली अंतर से कांस्य पदक से चूक गए थे। मिल्खा को पाकिस्तान में उड़न सिख का खिताब मिला था। बॉलीवुड अभिनेता फरहान अख्तर ने मिल्खा सिंह का किरदार फिल्म भाग मिल्खा भाग में निभाया था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी