भारत में कोरोना से अब तक 169 की मौत, संक्रमित मामलों की संख्या 5865

गुरुवार, 9 अप्रैल 2020 (21:00 IST)
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि देश में कोरोना वायरस से 169 लोगों की मौत हो चुकी है और संक्रमित लोगों की संख्या 5,865 हो गई है। पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 591 मामले सामने आए और 20 लोगों की मौत हो गई।  मंत्रालय ने बताया कि देश में वर्तमान में कोरोना वायरस के 5,218 मामले हैं। कुल 477 लोग ठीक हो चुके हैं और अस्पतालों से उन्हें छुट्टी मिल चुकी है।

किस राज्य में कितनी मौत :  पिछले 24 घंटे में 20 मौतों में महाराष्ट्र में 8, गुजरात और मध्यप्रदेश में 3-3, जम्मू-कश्मीर में 2 तथा पंजाब, उत्तरप्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। 
 
महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 72 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद गुजरात और मध्यप्रदेश में 16-16 और दिल्ली में 9 लोगों की मौत हुई है।

पंजाब और तमिलनाडु में आठ-आठ लोगों की जान गई है जबकि तेलंगाना में सात लोगों की मौत हुई है। पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में 5-4 लोगों की मौत हुई है।
 
आंध्रप्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तरप्रदेश से चार-चार मौत की पुष्टि हुई है। हरियाणा और राजस्थान में कोरोना वायरस से 3-3 लोगों की मौत हुई। 

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक केरल में संक्रमण से दो व्यक्ति की मौत हुई जबकि बिहार, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।  संक्रमण के कुल मामलों (5,865) में 71 विदेशी नागरिक हैं। बुधवार को मृतकों की संख्या 149 बताई गई थी। 

हालांकि विभिन्न राज्यों से मिली खबर के आधार पर गुरुवार को पीटीआई-भाषा की तालिका के मुताबिक कोरोना वायरस से कम से कम 196 लोगों की मौत हो चुकी है।

इन राज्यों से आए सबसे ज्यादा मामले : मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में संक्रमण के सबसे ज्यादा 1,135 मामले महाराष्ट्र में आए हैं । इसके बाद तमिलनाडु में 738 और दिल्ली में 669 लोग संक्रमित हैं।
 
तेलंगाना में 442, उत्तरप्रदेश में 410 और राजस्थान में संक्रमण के 383 मामले हो गए हैं। आंध्रप्रदेश में कोरोना वायरस से 348 लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि केरल में 345 मामले हैं। मध्यप्रदेश में 259, कर्नाटक में 181, गुजरात में 179 और हरियाणा में 169 संक्रमित लोग हैं।

जम्मू कश्मीर में 158, पश्चिम बंगाल में 103 और पंजाब में 101 मरीज हैं। ओडिशा में 42 मामले सामने आए हैं। बिहार में 39 लोग संक्रमित हैं जबकि उत्तराखंड में 35 और असम में 28 लोग संक्रमित हैं।

चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में संक्रमण के 18-18 मामले हैं जबकि लद्दाख में 14 और झारखंड में 13 लोग संक्रमित हुए हैं। अंडमान निकोबार द्वीप समूह से 11 मामले जबकि छत्तीसगढ़ में 10 मामले सामने आए हैं ।
 
गोवा में कोरोना वायरस के सात मरीज हैं, पुडुचेरी में पांच, मणिपुर में दो जबकि त्रिपुरा, मिजोरम और अरूणाचल प्रदेश से एक-एक मामला सामने आया है।
पीपीई और मास्क की सप्लाई : अग्रवाल ने कहा कि PPE, मास्क और वेंटिलेटर की सप्लाई अब शुरू हो गई है। भारत में 20 घरेलू निर्माताओं को PPE के लिए विकसित किया गया है, 1.7 करोड़ PPE के लिए ऑर्डर दिए गए हैं और सप्लाई भी आना शुरू हो गया है।
49,000 वेंटिलेटर का ऑर्डर भी दिया जा चुका है। करनाल जिले में 'एडॉप्ट ए फैमिली ’अभियान के तहत 13000 जरूरतमंद परिवारों को 64 लाख रुपए की मदद दी जा जा रही है। 
 
नॉर्थ-ईस्ट के लिए हेल्पलाइन : गृह मंत्रालय की प्रवक्ता पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य सरकारें लॉकडाउन के काम में जुटी हुई हैं। कल गृह मंत्रालय ने जो कंट्रोल रूम बनाया है। कल उसके द्वारा 300 से ज्यादा समस्याओं का निदान किया गया। नॉर्थ ईस्ट के लिए लगाई गई हेल्पलाइन 1944 भी सुचारू रूप से सेवाएं प्रदान कर रही है। 
 
पॉजिटिव रेट की दर 3-5 प्रतिशत के बीच : भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने कहा कि अब तक 1,30,000 नमूनों का टेस्ट किया जा चुका है। इनमें से 5,734 नमूनों का टेस्ट पॉजिटिव पाया गया। पिछले 1-1.5 महीनों में पॉजिटिव रेट दर 3-5 प्रतिशत के बीच है। इसमें पर्याप्त वृद्धि नहीं हुई है। कल हमने 13,143 नमूनों का टेस्ट किया था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी