दिल्ली चुनाव मोदी सरकार पर जनमत संग्रह नहीं...

गुरुवार, 5 फ़रवरी 2015 (12:14 IST)
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने एक साक्षात्कार में कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों को केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार के कामकाज पर जनमत संग्रह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
 
वेंकैया ने साक्षात्कार में कहा कि यह मुख्यमंत्री पद के लिए चुनाव है, प्रधानमंत्री के लिए नहीं। नरेन्द्र मोदी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं यह प्रदेश का चुनाव है। 
 
हालांकि उन्होंने दिल्ली चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पार्टी के आक्रामक चुनाव प्रचार का बचाव करते हुए कहा कि देश का मूड अब प्रधानमंत्री का हाथ मजबूत करने का है, जो बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं और दिल्ली के राजधानी होने के नाते स्वाभाविक तौर पर इसका महत्व है।
 
नायडू ने कहा कि यह चुनाव मोदी बनाम केजरीवाल भी नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि 'केजरीवाल कौन है? उन्होंने संसदीय चुनाव भी लड़ा। देखें, क्या हुआ। यहां भी वही बातें होने जा रही है।'

वेबदुनिया पर पढ़ें