Delhi Assembly Election Results : दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने में बस कुछ घंटे शेष है। अधिकांश एक्जिट पोल्स ने भाजपा के वनवास को खत्म बताया है। इस बीच आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह ने बड़ा आरोप लगाया है। संजय सिंह ने कहा कि बीजेपी ने ऑपरेशन लोटस पर काम करना शुरू कर दिया है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीट के लिए बुधवार को मतदान संपन्न हुआ। कल मतगणना होगी।
क्या है संजय सिंह के आरोप : संजय सिंह ने कहा कि बहुत सारे विधायकों ने हमें सूचना दी कि हमारे सात विधायकों के पास 15-15 करोड़ रुपए लेकर पार्टी छोड़ने का, पार्टी तोड़ने का और भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का ऑफर आ चुका है। एक दो से मुलाकात करके भी ऑफर दिया गया। आम आदमी पार्टी को छोड़कर भाजपा के साथ आकर सरकार बनाने की बात कर रहे हैं।
बीजेपी ने अपनी हार मानी : संजय सिंह ने आगे कहा कि दो बातें बिलकुल स्पष्ट हो गई है। पहली बात ये कि 8 फरवरी को काउंटिंग से पहले बीजेपी ने अपनी हार मान ली है। वो बुरी तरह से हार रही है। दूसरी बात ये कि जो खरीद-फरोख्त का तरीका वो पूरे देश में अपनाते हैं वो अब दिल्ली में भी शुरू कर दिया है। इसको कई बार वो ऑपरेशन लोटस और पता नहीं क्या-क्या नाम देते हैं।' उन्होंने कहा कि 'पैसा और जांच एजेंसी, जिस चीज से दबाव बन जाए उसका ये इस्तेमाल विधायकों को तोड़ने के लिए करते हैं।
इससे एक दिन पहले जारी हुए ज्यादातर एग्जिट पोल में भी भाजपा के 27 साल से अधिक समय बाद राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता में वापसी की संभावना जताई गई थी। हालांकि, दो सर्वेक्षणों में कहा गया है कि आम आदमी पार्टी (आप) अपनी सत्ता बरकरार रख सकती है।