फैशन में है रंगबिरंगी वुलन कुर्तियां...

सर्दी के दिनों में गर्म कपड़ों का बाजार भी काफी गर्म होता है। लेकिन गर्म कपड़ों के मामले में फैशन के भरोसे नहीं रहा जा सकता। हलांकि हर साल बाजार में रंगबिरंगे नए स्वेटर्स, शॉल, जैकेट और हुडी आते हैं, लेकिन अगर आप इन सभी से बोर हो चुकी हैं, तो ऊनी कुर्तियां जरूर ले सकती हैं, जो अलग-अलग डिजाइन और रंगों में नए फैशन के साथ उपलब्ध हैं - 
 
वुलन कुर्तियों की यह खासियत है कि इन रंग-बिरंगे कुर्तों को आप जैसे चाहें वैसे पहन सकती हैं। यदि आप उसे चूड़ीदार सूट की तरह पहनना चाहती हैं तो दुपट्टे के साथ भी पहन सकतीं है और चाहें तो लैगिंन या फिर जींस के साथ भी इसे पहनकर स्टाइलिश दिख सकती हैं। आप इसे स्टॉकिंग्स, लांग बूट्स या फिर सादी सलवार के साथ भी पहन सकती हैं और मिक्स एंड मैच करके भी पहन सकती हैं।

यह वुलन कुर्ते अलग-अलग साइज और पेटर्न में उपलब्ध हैं। कार्डिगन की तरह पूरे बटन वाले कुर्तों के साथ पुलोवर की तरह के कुर्ते और इनमें जेंट्स कुर्तों की तरह नेक पर 3-4 बटन वाले कुर्ते भी उपलब्ध हैं।
  
लाइट-डार्क कलर या फिर कंट्रास्ट कलर में डिजाइन वाले कुर्ते भी रोजमर्रा में खूबसूरत लगते हैं। थोड़ा पार्टी वियर कुर्तों में वूलन या रेशम या फिर जरी का काम भी मिलता है। नेक पर पेचवर्क का काम भी इन कुर्तों को एथनिक और पार्टी लुक देता है।
 
इस तरह के कुर्ते बाजार में भी उपलब्ध हैं और शॉल से भी बनाए जाते हैं। शॉल वाले कुर्ते हल्की ठंड के लिए उपयुक्त होते हैं, जबकि ऊन से बने कुर्तों को तेज सर्दी में पहना जा सकता है। ज्यादा ठंड होने पर आप इसे टॉप या फिर कॉटन के कुर्तों के ऊपर पहन सकते हैं। सर्दी थोड़ी कम है तो सीधे भी पहने जा सकते हैं। 
 
तो इस बार ठंड में कुछ नया पहनना है तो आप बेझि‍झक इन वुलन कुर्तियों का आजमा सकती हैं। ये न सिर्फ आप पर खूबसूरत दिखेंगी बल्कि आपको ठंड से भी बचाएंगी।

वेबदुनिया पर पढ़ें