भारत जोड़ो यात्रा छोड़कर चुनाव प्रचार के लिए गुजरात जाएंगे राहुल गांधी

अरविन्द तिवारी
सोमवार, 14 नवंबर 2022 (19:15 IST)
भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी यात्रा के बीच से चुनाव प्रचार के लिए गुजरात जाएंगे। राहुल 21 और 22 नवंबर को गुजरात के चुनावी दौरे पर रहेंगे चुनाव रैलियों को संबोधित करेंगे। राहुल की भारत जोड़ो यात्रा में बड़े बदलाव की सूचना मिल रही है। वे 20 नवंबर की रात बुरहानपुर जिले के कराली से मध्यप्रदेश सीमा में प्रवेश करेंगे और नजदीक ही तैयार किए जा रहे एक विश्राम स्थल पर वे रात बिताएंगे।
 
21 नवंबर को सुबह वे गुजरात चले जाएंगे और वहां 2 दिन चुनावी रैलियां करेंगे। वहां से लौटने के बाद वे 23 नवंबर से फिर पैदल यात्रा शुरू करेंगे। पहले जो कार्यक्रम तय हुआ था, उसके मुताबिक 20 नवंबर की रात यात्रा के मध्यप्रदेश सीमा में प्रवेश करने के बाद 21 नवंबर को विश्राम रखा गया था। 22 नवंबर को सुबह से यात्रा फिर शुरू होना थी और 26 नवंबर की शाम उन्हें इंदौर पहुंचना था।‌
 
राहुल गांधी के गुजरात दौरे का कार्यक्रम तय करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह 16 नवंबर को अहमदाबाद पहुंच रहे हैं और वे वहां गुजरात कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करके कार्यक्रम को अंतिम रूप देंगे। दिग्विजय सिंह मंगलवार को इंदौर में भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और सोमवार रात वे इंदौर पहुंच रहे हैं।
 
इसके पहले रविवार को कर्नाटक के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने इंदौर और उज्जैन पहुंचकर यात्रा की तैयारियों पर कांग्रेसजनों से चर्चा की और उज्जैन में होने वाली सभा के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
 
Edited by: Ravindra Gupta

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख