हिमाचल प्रदेश में मतदान, दांव पर लगी है इन दिग्गजों की प्रतिष्‍ठा

शनिवार, 12 नवंबर 2022 (09:55 IST)
शिमला। हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। शाम 5 बजे तक चलने वाली वोटिंग में 55 लाख से ज्यादा पंजीकृत मतदाता 7,884 मतदान केंद्रों पर 412 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। हिमाचल प्रदेश चुनाव में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सतपाल सिंह सत्ती, मुकेश अग्निहोत्री, प्रतिभा सिंह, विक्रमादित्य सिंह, जैसे दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।

सिराज सीट पर सीएम जयराम ठाकुर का मुकाबला कांग्रेस के चेतराम ठाकुर से है तो हरोली सीट पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री को भाजपा के राम कुमार कड़ी चुनौती दे रहे हैं। ऊना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की ओर से सतपाल सिंह सत्ती को चुनाव मैदान में हैं।
 
शिमला ग्रामीण से कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं भाजपा ने यहां से रवि मेहता को टिकट दिया है। मंडी सीट पर भाजपा के अनिल शर्मा का मुकाबला कांग्रेस के चंपा ठाकुर से है।
 
भाजपा की ओर से जयराम ठाकुर को ही सीएम उम्मीदवार बताया जा रहा है तो कांग्रेस की ओर से विक्रमादित्य सिंह, सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत कई दिग्गज मुख्यमंत्री पद के दावेदार बताए जा रहे हैं।  
 
हिमाचल चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला नजर आ रहा है। राज नहीं रिवाज बदलने के नारे के साथ चुनाव मैदान में उतरी भाजपा की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर डटे हुए हैं। पीएम मोदी, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, पुष्कर धामी समेत कई दिग्गजों ने यहां बड़ी रैलियां की है।
 
इस पहाड़ी राज्य में कांग्रेस की उम्मीदें पूर्व मुख्‍यमंत्री और दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह पर टिकी हुई है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, अशोक गहलोत और भूपेश बघेल जैसे दिग्गजों ने राज्य में अपनी चुनावी सभा से वोटर्स का दिल जीतने का प्रयास किया।
Edited by : Nrapendra Gupta 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी