इंदौर। इंदौर जिले के महू में बीती मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को प्रशिक्षु सैन्य अधिकारी को बंधक बनाने और उनकी महिला मित्र के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस जांच-पड़ताल में पुलिस ने सभी 6 आरोपियों की पहचान कर ली है। पकड़े गए 2 आरोपियों अनिल बारोर और पवन बंसुनिया को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया था। पुलिस ने इनकों 5 दिनों की रिमांड पर लिया है। तीसरे आरोपी रितेश भाभर को भी मानपुर के जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया है।
इसी बीच घटना स्थल पर बंधक बनाई गई युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म भी किया गया। इसका जिक्र प्रारंभिक एफआईआर में है। पुलिस ने डकैती, गलत तरीके से रोकना, जबरन वसूली, सामूहिक दुष्कर्म, गालियां देने, मारपीट करना, अवैध हथियार रखने की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
वहीं इस मामले को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्र कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में सेना के अधिकारी तक सुरक्षित नहीं है। प्रदेश की जनता त्रस्त है। मुख्यमंत्री गृहमंत्री भी हैं। उनके राज में सेना तक असुरक्षित है तो प्रदेश की जनता का क्या होगा? मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसे मामलों में बहुत सख्त है। कोई भी ऐसी गलती करेगा तो बचेगा नहीं।