जानिए कब मंगल ग्रह पर पहुंचेगा मंगल मिशन...

सोमवार, 25 अगस्त 2014 (18:16 IST)
FILE
चेन्नई। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने शनिवार को कहा कि भारत के महत्वाकांक्षी मंगल ग्रह पहुंचने के मिशन में अब केवल 90 लाख किमी की दूरी रह गई है।

इसरो ने अपने सोशल नेटवर्किंग साइट पर कहा कि मंगल ऑर्बिटर मिशन (एमओएम) अब मंगल से केवल 90 लाख किमी दूर रह गया है। पृथ्वी से यह 18.9 करोड़ किमी दूर जा चुका है।

इसके मंगल पहुंचने में अब केवल 33 दिन की दूरी रह गई है। इस माह के आरंभ में इसरो के वैज्ञानिकों ने मंगल मिशन के पथ में सुधार किए जाने की संभावनाओं से इंकार किया। उनका कहना था कि अंतरिक्ष यान सही रास्ते पर बढ़ रहा है।

लगभग 450 करोड़ रुपए की परियोजना के तहत महत्वाकांक्षी मंगल मिशन को पिछले वर्ष 5 नवंबर को आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा से ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान से छोड़ा गया था जिसके मंगल ग्रह के परिवेश में 24 सितंबर तक पहुंच जाने का ध्येय किया गया था।

मंगल अभियान के जरिए वैज्ञानिक समुदाय को विभिन्न ग्रहों के अनुसंधान कार्य में बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें