मैमथ रखते थे धरती को गर्म

सोमवार, 24 मई 2010 (17:58 IST)
वैज्ञानिकों का दावा है कि मैमथ यानी विशालकाय हाथी लगभग 13 हजार साल पहले धरती को गर्म रखने में मददगार साबित होते थे। मैमथ वातावरण में मीथेन भर कर वातावरण को गर्म रखते थे।

यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू मैक्सिको के नेतृत्व में एक अंतरराष्ट्रीय दल ने दावा किया है कि मैमथ दूसरे स्तनधारियों के साथ संभवत: लगभग 95 लाख टन मीथेन प्रति वर्ष पैदा करते थे।

एक शोध से पता चला है कि मैमथ के गायब होने के बाद वातावरण में मीथेन की मात्रा में बहुत कमी आ गई। मीथेन एक महत्वपूर्ण ग्रीनहाउस गैस है।

अमेरिका में करीब 13,400 साल पहले विशालकाय हाथियों सहित उन विशालतम प्राणियों की बड़ी आबादी रहती थी, जो शाकाहारी थे। लेकिन 2,000 साल बाद इनमें से 114 से अधिक प्रजातियों के 80 फीसदी प्राणी समाप्त हो गए।

बहरहाल, वैज्ञानिक इस बात को लेकर एकमत नहीं हैं कि इन 114 से अधिक प्रजातियों की समाप्ति का कारण शिकार या पर्यावरणीय परिवर्तन है। शोध के परिणाम ‘नेचर जियोसाइंस’ जरनल के हालिया अंक में प्रकाशित हुए हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें