नेपाल में भूस्खलन से 11 लोगों की मौत, 27 लापता

शुक्रवार, 14 अगस्त 2020 (22:22 IST)
काठमांडू। नेपाल के सिंधुपालचोक जिले में शुक्रवार को भूस्खलन से 11 लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य लापता हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पूर्वी काठमांडू के पूर्व में 130 किलोमीटर दूर सिंधुपालचोक जिले में जुगल ग्रामीण नगर पालिका क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह भूस्खलन हुआ।

उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को नेपाल सेना एक हेलीकॉप्टर से जिला मुख्यालय लेकर गई है, जहां उनका इलाज चल रहा है। काठमांडू पोस्ट ने पुलिस उपाधीक्षक माधव प्रसाद के हवाले से एक खबर में बताया कि घायलों में से चार को चौतारा स्थित जिला अस्पताल जबकि एक अन्य को काठमांडू स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया है।
 
पांच बच्चों, चार पुरुषों और दो महिलाओं के शव घटनास्थल से बरामद कर लिए गए है। अधिकारी ने बताया कि 5 परिवारों के कुल 27 लोग लापता है और 13 मकान मलबे में दब गए।
 
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया, 12 से अधिक मकान पूरी तरह से नष्ट हो गए जबकि 30 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। हम अभी भी इस बात को लेकर अनिश्चित हैं कि घटना में कितने लोग लापता हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी