अमेरिका ने चीन के सीसीपी अधिकारियों पर लगाया वीजा प्रतिबंध

शनिवार, 27 जून 2020 (08:26 IST)
वॉशिंगटन। अमेरिका ने शुक्रवार को चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) के अधिकारियों पर वीजा प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। अमेरिका ने इन अधिकारियों पर प्रतिबंध हांगकांग की स्वायत्तता, मानवाधिकारों और मौलिक स्वतंत्रता को कमतर करने पर लगाया है। विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने इस कदम की घोषणा करते हुए कहा कि वे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश को लागू कर रहे हैं।
ALSO READ: भारत-चीन तनाव: अमेरिका क्या मुश्किल वक़्त में भारत से मुंह मोड़ लेता है?
पोम्पियो ने कहा कि आज शुक्रवार को मैं सीसीपी के मौजूदा और पूर्व अधिकारियों पर वीजा प्रतिबंधों की घोषणा करता हूं। इनके बारे में माना गया है कि इन्होंने 1984 के चीन-ब्रिटेन संयुक्त घोषणा पत्र में गारंटी प्रदान की गई हांगकांग की उच्च स्तर की स्वायत्तता को दबाया या मानवाधिकारों और बुनियादी स्वतंत्रता को कमतर किया या ऐसा करने में इनकी मिलीभगत है।
 
उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों के परिवार के सदस्य भी इसी तरह के प्रतिबंध का सामना कर सकते हैं। कोरोना वायरस महमारी के प्रकोप के बाद से अमेरिका-चीन संबंध खराब हो गए हैं। इस महामारी की शुरुआत चीन से हुई थी और अमेरिका इससे बुरी तरह से प्रभावित है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी