अमेरिकी स्कूल में गोलीबारी में 2 की मौत, 4 घायल

शनिवार, 25 अक्टूबर 2014 (14:06 IST)
वॉशिंगटन। अमेरिका के एक स्कूल में गोलीबारी की एक और त्रासद घटना में एक छात्र ने स्कूल के कैफेटेरिया में गोलीबारी की जिससे 1 अन्य छात्र की मौत हो गई और 4 अन्य घायल हो गए। बाद में छात्र ने आत्महत्या कर ली।

वॉशिंगटन राज्य में सिएटल से 55 किलोमीटर दूर मेरीसवीले-पिलचुक हाई स्कूल के कैफेटेरिया में शुक्रवार को गोलीबारी की यह घटना हुई।

गोलीबारी करने वाले की पहचान जेलेन फ्राइबर्ग के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि उसने खुद को गोली मार ली।

आत्महत्या से पहले फ्राइबर्ग ने गोलीबारी कर एक लड़की को मार डाला। इस घटना में 2 अन्य लड़कियां और 2 लड़के जख्मी हो गए। घायलों को निकट के एक अस्पताल ले जाया गया।

बीबीसी की खबर के मुताबिक 4 घायलों में से 2 तो गोलीबारी करने वाले छात्र के रिश्तेदार हैं। दोनों के सिर में गोलियां लगी हैं।

घायल छात्रों में से एक जेरन बेब ने बताया कि गोलीबारी करने वाला छात्र अपने प्रेम संबंधों से परेशान था और जिन लोगों को उसने गोली मारी उसमें वह लड़की भी थी। इस साल इस क्षेत्र में स्कूल में गोलीबारी की यह दूसरी घटना है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें