ऑस्ट्रिया-जर्मनी देंगे हजारों प्रवासियों को शरण

शनिवार, 5 सितम्बर 2015 (17:07 IST)
वियना। ऑस्ट्रिया के चांसलर वर्नेर फेमन ने शनिवार तड़के कहा कि ऑस्ट्रिया और जर्मनी कुछ समय में हंगरी की सीमा पर पहुंचने वाले हजारों प्रवासियों को शरण देने के लिए तैयार हो गए हैं।
 
फेमन ने ऑस्ट्रिया की समाचार एजेंसी एपीए से कहा कि उन्होंने जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल के साथ विचार-विमर्श कर हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओरबन को फैसले से अवगत कराते कहा कि वे हंगरी की सीमा पर बनी हुई आपात स्थिति के कारण ऐसा करने के लिए प्रेरित हुए।
 
हंगरी ने शुक्रवार को था कि उसने शरणार्थियों से भरी बसों को आगे बढ़ने से रोक दिया। ये शरणार्थी बुडापेस्ट के मुख्य रेलवे स्टेशन पर कई दिनों तक फंसे होने के बाद ऑस्ट्रिया की सीमा पर पहुंचे थे, लेकिन ऑस्ट्रिया और जर्मनी के प्रवासियों को शरण देने के फैसले के बाद शनिवार तड़के बस आगे के लिए रवाना हो गई।
 
शरणार्थी संकट से निपटने को लेकर यूरोपीय संघ के सदस्य देशों में बढ़ते तनाव के साथ हंगरी के अधिकारियों द्वारा रोकी गई बसें केलेटी रेलवे स्टेशन से रवाना हो गईं। बस में अस्थायी शिविरों में कई दिनों तक रह रहे लोग सवार थे।
 
हंगरी की आधिकारिक समाचार एजेंसी एमटीआई की खबर के अनुसार ऑस्ट्रिया की सीमा पर पहुंचे 1,200 लोगों में से कुछ को इससे कुछ मिनट पहले बसों में सवार किया गया। इससे पहले समुद्र में डूबने से मारे गए सीरियाई बच्चे आयलान के पिता ने शुक्रवार को वापस सीरिया लौटकर अपने पूरे परिवार को सुपुर्दे खाक कर दिया। नन्हे आयलान, उसका छोटा भाई गालिब और मां की डूबने से मौत हो गई थी।
 
समुद्र तट पर पड़े 3 साल के आयलान कुर्दी के शव ने पूरी दुनिया को झकझोरकर रख दिया जिसके बाद संकट को लेकर वैश्विक आक्रोश शुरू हो गया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें