बलूचिस्तान प्रांत में 9 शियाओं की हत्या

गुरुवार, 23 अक्टूबर 2014 (13:49 IST)
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में धीरे धीरे करके एक ओर जहां हिन्दुओं, इसाइयों, सिखों आदि को खदेड़ दिया गया है वहीं अब शियाओं को भी सुन्नी आतंकवादियों द्वारा निशाना बनाकर खदेड़ा जा रहा है। ताजा मामले के तहत अज्ञात बंदूकधारियों ने हाजरा समुदाय से ताल्लुक रखने वाले नौ शिया मुस्लिमों की हत्या कर दी।
 
बंदूकधारियों ने उस समय हमला किया, जब पीड़ित प्रांतीय राजधानी क्वेटा के हजार गंजी इलाके में बस में सफर कर रहे थे।
 
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इमरान कुरैशी ने संवाददाताओं को बताया कि हमले में हाजरा समुदाय के नौ लोग मारे गए हैं जबकि एक व्यक्ति जख्मी हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्हें लक्ष्य बना कर मारा गया है।
 
हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है लेकिन लश्कर-ए-झांगवी जैसे सुन्नी उग्रवादी समूह शिया समुदाय को निशाना बनाते रहते हैं।
 
हाजरा समुदाय के शियाओं की पहले भी हत्याएं की जाती रही हैं। वे हिंसा से बुरी तरह से प्रभावित समुदायों में से एक है। (इनपुट भाषा से)

वेबदुनिया पर पढ़ें