विश्व में महिलाओं का अथाह योगदान : बराक ओबामा

सोमवार, 9 मार्च 2015 (11:58 IST)
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने विश्व में महिलाओं के अकूत योगदान का जिक्र करते हुए कहा है कि महिलाओं के असली मुकाम और रोजाना उनके साथ होने वाले व्यवहार के बीच का अंतराल मौजूदा समय के सबसे बड़े अन्यायों में से एक है।

ओबामा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रविवार को अपने बयान में कहा क‍ि महिलाओं के असली मुकाम और उनके साथ रोजाना होने वाले व्यवहार के बीच जो अंतराल है, वह हमारे समय के सबसे बड़े अन्यायों में से एक है तथा इस अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हम इस अंतराल को पाटने के लिए फिर से प्रतिबद्धता जताते हैं।

उन्होंने कहा कि जिस समाज में महिलाओं एवं लड़कियों के साथ पुरुषों एवं लड़कों के समान व्यवहार किया जाता है वह अधिक सुरक्षित, अधिक स्थिर और अधिक समृद्ध होता है।

ओबामा ने कहा क‍ि इन स्पष्ट लाभों के अलावा यह सही और गलत का मामला भी है। महिलाएं एवं लड़कियां मनुष्य हैं और अधिकारों एवं सम्मान की दृष्टि से समान हैं। उनके साथ हर जगह, हर रोज ऐसा ही व्यवहार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के बिना अर्थव्यवस्थाएं ढह जाएंगी, राजनीतिक प्रणालियां नष्ट हो जाएंगी और परिवारों एवं समुदायों के टुकड़े-टुकड़े हो जाएंगे। इसके बावजूद कई जगहों पर महिलाओं के साथ दूसरे दर्जे की नागरिक की तरह व्यवहार किया जाता है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें