बिल गेट्स सबसे अमीर अमेरिकी...

मंगलवार, 30 सितम्बर 2014 (12:48 IST)
न्यूयॉर्क। माइक्रोसाफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स लगातार 21वें साल फोर्ब्स की 400 सबसे अमीर अमेरिकियों की सूची में अव्वल नंबर पर हैं।
 
सोमवार को जारी 2014 की फोर्ब्स की सूची में कोई ज्यादा उल्ट फेर नहीं हुआ है। इससे जाहिर होता है कि अमीर और अमीर हुए है।
 
खास कर अमेरिकी शेयर बाजार में सुधर की बदौलत इस सूची में दर्ज अमीरों की संयुक्त संपत्ति एक वर्ष के दौरान 270 अरब डॉलर बढ़कर 2,290 अरब डॉलर हो गई।
 
फोर्ब्स ने कहा है, 'शेयर बाजार में उछाल से अमेरिका के अमीर और अमीर होते जा रहे हैं।' गेट्स की शुद्ध व्यवक्तिगत सम्पत्ति बढ़कर 81 अरब डॉलर हो गई जो 2013 के मुकाबले नौ अरब डॉलर अधिक है।
 
बर्कशायर हैथवे इंक के प्रमुख और वर्चित निवेशक वारेन बफे 67 अरब डॉलर के साथ सूची में दूसरे और ओरैकल कार्प के सह संस्थापक लैरी एलिसन भी 50 अरब डॉलर के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
 
कोच इंडस्ट्रीज इंक के सह-संस्थापक चार्ल्स एवं डेविड कोच 42-42 अरब डालर के साथ चौथे स्थान पर हैं। इस सूची में 27 नए सदस्य हैं। इनमें व्हाट्सऐप के सह संस्थापक जैन कूम शा 62वें स्थान पर रहे। फेसबुक ने फरवरी में मोबाइल मेसेजिंग ऐप्लिकेशन कंपनी को 19 अरब डॉलर में खरीदने की घोषणा की थी।
 
सम्पत्ति बढ़ने के मामले में सूची में 11 नंबर पर रखे गए फेसबुक के मुख्य कार्यकारी मार्क जुकरबर्ग है। उनकी सम्पत्ति पिछले साल के मुकाबले 15 अरब डॉलर बढ़कर 34 अरब डॉलर हो गई।
 
अमेरिका में वित्तीय संकट के बाद अमीरों की बाजार में हैसियत और उनके तथा आम आदमी के बीच का फासला बढा है।
 
इस सूची में भारतीय मूल के पांच अमेरिकी नागरिकों के नाम भी है। इनमें आउटसोर्सिंग कंपनी सिंटेल के भरत देसाई, नए-नए उद्यम खड़ा करने वाले उद्यमी जॉन कपूर, सिंफनी टेक्नोलाजी के संस्थापक रोमेश वाधवानी, निवेशक कवितार्क राम श्रीराम, वेंचर कैपिटलिस्ट विनोद खोसला - का भी नाम हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें