बकिंघम पैलेस में महकेगी भारतीय व्यंजनों की खुशबू

सोमवार, 27 फ़रवरी 2017 (22:03 IST)
लंदन। भारत-ब्रिटेन के बीच सांस्कृतिक संबंधों का उत्सव मनाने के लिए महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में दोपहर भोज के दौरान विशेष भारतीय व्यंजन तैयार किए जाएंगे। पारंपरिक ‘चेंजिंग ऑफ द गार्ड’ कार्यक्रम के दौरान ग्रेनेडियर गार्डस के बैंड ने भारत से संबंधित संगीत तथा अन्य गीतों के साथ-साथ ए आर रहमान की ऑस्कर विजेता धुन ‘जय हो’ बजाया। सुबह-सुबह इन धुनों ने मध्य लंदन के स्थित महल के बाहर मौजूद पर्यटकों की भीड़ को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शाम को 90 वर्षीय महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के साथ उनके पति ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग प्रिंस फिलिप, पोते प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट भारत-ब्रिटेन के बीच सांस्कृतिक वर्ष कार्यक्रम की मेजबानी करेंगे।
 
बकिंघम पैलेस ने एक बयान में कहा कि इस आयोजन में ब्रिटेन और भारत की सर्वश्रेष्ठ सांस्कृतिक गतिविधियों को साथ लाया जाएगा। इसमें दोनों देशों की दिलचस्पी वाली तमाम बड़ी हस्तियां अतिथि के रूप में भाग लेंगी। कार्यक्रम में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व वित्तमंत्री अरुण जेटली करेंगे। इसमें कला, फैशन, भोजन, साहित्य और खेल के क्षेत्र से बड़ी हस्तियां इसमें शामिल होंगी।
 
पैलेस की ओर से जारी बयान के अनुसार कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ब्रिटेन के सबसे पुराने रेस्त्रां वीरास्वामी के रसोइयों और शाही रसोइयों के हाथों बने हुए भारतीय पकवान होंगे। समारोह में भाग लेने वाली कुछ हस्तियां हैं.. अभिनेता कुणाल नायर, नेहा कपूर और आयशा धारकर, खिलाड़ी कपिल देव और रियो रियो फर्डिनेंड और सितार वादक अनुष्का शंकर। 
 
इस बड़े समारोह में 200 विशेष हस्तियां भाग लेंगी जिनमें भारत के विभिन्न डिजाइनरों और सांस्कृतिक दूत शामिल हैं। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें