चीन में भूस्खलन, 59 लोग लापता

रविवार, 20 दिसंबर 2015 (23:30 IST)
बीजिंग। चीन के सबसे विकसित शहरों में शामिल शेंझेन में एक पहाड़ से मिट्टी खिसकने पर एक औद्योगिक पार्क में हुए भीषण भूस्खलन में रविवार को 22 भवन दब गए और कम से कम 59 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
 
चीन की सबसे भीषण शहरी आपदाओं में शामिल इस घटना के बाद 14 लोगों को मिट्टी के नीचे से बाहर निकाला गया। इस आपदा ने दक्षिण चीन के नए औद्योगिक पार्क में एक बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया है। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं।
 
दमकलकर्मी, पुलिस और स्वास्थ्य कार्यकर्ता सहित 1500 से अधिक लोग बचाव कार्य में जुटे हुए हैं तथा मलबे में फंसे पीड़ितों की तलाश कर रहे हैं।
 
सरकारी सीसीटीवी की खबर के अनुसार, लापता हुए 59 लोगों में दादा और तीन बच्चे भी हैं। सबसे बड़े बच्चे की उम्र नौ साल जबकि सबसे छोटे की उम्र तीन साल है।
 
चीन के ट्विटर जैसे माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट ‘वेइबो’ पर जारी बयान में शेंझेन निकाय सरकार ने कहा कि भूस्खलन के कारण पास स्थित एक गैस स्टेशन में विस्फोट भी हो गया।
 
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के अनुसार, सुबह ग्यारह बजकर चालीस मिनट पर हेंगताईयू औद्योगिक पार्क के भूस्खलन की चपेट में आने के बाद पश्चिम-से-पूर्व प्राकृतिक गैस पाइपलाइन में विस्फोट हुआ, जिसके कारण 1,00,000 वर्ग मीटर से ज्यादा जगह मलबे में दब गया। शाम तक 900 से अधिक बाशिंदों को घटना स्थल से हटाया गया। (भाषा)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें