60 लाख का हीरा चुराकर निगल लिया, मुंबई हवाई अड्‍डे पर पकड़ी गई...

सोमवार, 5 नवंबर 2018 (20:26 IST)
दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में दुबई की एक दुकान से 3 लाख दिरहम यानी करीब 81 हजार अमेरिकी डॉलर मूल्य के हीरे की चोरी करने वाले एक दंपति को नाटकीय घटनाक्रम के बीच भारत के मुंबई हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें वापस यूएई लाया गया है। महिला ने 3.27 कैरेट का हीरा निगल लिया था। भारतीय रुपयों में हीरे की कीमत लगभग 60 लाख रुपए है।
 
 
'खलीज टाइम्स' की खबर के मुताबिक इन दोनों संदिग्ध लोगों को मुंबई से हांगकांग के लिए रवाना होते समय गिरफ्तार कर लिया गया। दंपति को इंटरपोल और भारत की पुलिस के सहयोग से वापस संयुक्त अरब अमीरात लाया गया। 
 
पुलिस ने निगरानी कैमरों का फुटेज जारी किया था जिसमें दंपति डेरा स्थित आभूषणों की एक दुकान में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के मुताबिक पुरुष ने दुकान के कर्मचारियों से कुछ खास तरह के रत्न के बारे में पूछकर उनको बातों में उलझा दिया था।
वीडियो में दिखाया गया है कि उस महिला ने दुकान में हीरे-जवाहरात को प्रदर्शित करने के लिए रखी कांच की आलमारी का कपाट खोलकर हीरा चुरा लिया। वीडियो फुटेज में उसे जैकेट में हीरा छुपाते हुए उस व्यक्ति के साथ दुकान से निकलते हुए देखा जा सकता है। पुलिस के मुताबिक दुकान के मालिक को 3 घंटे बाद चोरी का पता चला था। 
 
आपराधिक जांच विभाग के निदेशक कर्नल एडेल अल जोकर ने कहा कि चोरी की 3 घंटे की देरी से संदिग्धों को बचने में मदद मिली। जोकर ने कहा कि संदिग्धों ने हीरा चोरी करने का अपराध कबूल कर लिया है।

एक्स-रे स्कैन मशीन में महिला की आंत में हीरा दिखाई दे रहा है। हीरे को पुन: प्राप्त करने के लिए एक विशेषज्ञ डॉक्टर को भी बुलाया गया।
 
दुबई पुलिस के कमांडर-इन-चीफ मेजर जनरल अब्दुल्ला खलीफा अल मैरी ने अपने अंतरराष्ट्रीय समकक्षों के समन्वय की सराहना की जिससे संयुक्त अरब अमीरात से भागने के बावजूद संदिग्धों पर मुकदमा चलाने में मदद मिलेगी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी