मिस्र में विस्फोट में 6 पुलिसकर्मियों की मौत

शुक्रवार, 9 दिसंबर 2016 (20:40 IST)
काहिरा। मिस्र के ग्रेट पिरामिड के निकट एक जांच चौकी में कचरा पेटी में रखे गए बम के विस्फोट से कम से कम 6 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए। सरकारी समाचार एजेंसी मेना ने खबर दी है कि यह विस्फोट पिरामिड रोड पर स्थित एक मस्जिद के निकट हुआ। यह सड़क गीजा पिरामिड के क्षेत्र को काहिरा शहर के मध्य हिस्से से जोड़ती है।
अधिकारियों ने कहा कि 2 अधिकारियों सहित 6 पुलिसकर्मी मारे गए हैं। इस विस्फोट में 6 लोग घायल भी हो गए जिनमें कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर किए गए इस विस्फोट में पुलिसकर्मियों के वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। विस्फोट में 2 अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
 
पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद मुरसी के खिलाफ मामलों की सुनवाई कर रहे एक न्यायाधीश पिछले महीने हुए एक कार बम हमले में बाल-बाल बच गए थे। इस साल मई के बाद से यह मिस्र में हुआ सबसे खूंखार हमला है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें