फ्लोरेंस तूफान के करीब पहुंचने पर अमेरिकी तट पर तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू

शुक्रवार, 14 सितम्बर 2018 (20:42 IST)
विलमिंगटन। अमेरिका में फ्लोरेंस तूफान के तट के निकटतर आने के साथ ही शुक्रवार सुबह तेज हवाओं के साथ-साथ मूसलधार बारिश शुरू हो गई और दोनों कैरोलिना पर तूफान ने कहर बरपाना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने इसे बेहद खतरनाक घटना बताते हुए आगाह किया है।
 
उत्तर कैरोलिना में अलर्ट जारी : उत्तर कैरोलिना में रह रहीं देवास (मध्यप्रदेश) की प्रिया क्षीरसागर ने 'वेबदुनिया' को बताया कि तूफान का असर 5 दिनों तक रह सकता है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सप्ताह भर के लिए बेहद सावधान रहें।
प्रिया ने कहा कि बाकायदा सर्कुलर जारी करके कहा गया है कि लोग अनावश्यक रूप से बाहर न जाएं और दूध, सब्जियों का इंतजाम करके रखें। स्कूलों की भी छुट्‍टी कर दी गई है। कुछ लोग तो घरों से ही अपने ऑफिस का काम कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासन हर 10 मिनट के भीतर नया सर्कुलर जारी कर रहा है।
 
खबरों के मुताबिक उत्तरी कैरोलिना के तटीय रास्तों पर पानी भर गया है और तेज हवाओं के कारण पेड़-पौधे उखड़ गए हैं। कैटेगरी 'वन' में बदला तूफान पिछले दिनों के मुकाबले कमजोर हुआ है और कम गति से आगे बढ़ रहा है। शुक्रवार को इसके किसी भी वक्त यहां पहुंचने की आशंका थी।
तूफान के बाहरी चक्र में पहुंचने के बाद उत्तरी कैरोलिना में 1,50,000 लोगों तक बिजली आपूर्ति खत्म होने की खबरें हैं। अमेरिकी टीवी चैनलों पर दिखाए जा रहे फुटेज में पानी को तटबंधों एवं बांधों से तेजी से टकराते हुए और समुद्र तट से लगी सड़कों पर फैलते हुए देखा जा सकता है। 
 
मियामी में नेशनल हरिकेन सेंटर ने रिपोर्ट में बताया कि उत्तरी कैरोलिना तट पर खतरनाक तूफान आगे बढ़ रहा है और तूफानी हवाएं तेज हो रही हैं। अपने परामर्श में सेंटर ने कहा कि फ्लोरेंस उत्तरी कैरोलिना के विलमिंगटन से करीब 35 मील पूर्व में अटलांटिक महासागर के ऊपर था और 6 मील प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।
 
एनएचसी ने कहा कि तूफान के शुरुआती प्रभावों को उत्तर कैरोलिना के न्यू बर्न में न्यूज नदी पर बने एक बाढ़मापक ने बाढ़ के पानी की माप 10 फुट बताई है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी