चीन के पूर्व राष्ट्रपति जियांग ज़ेमिन का 96 वर्ष की आयु में निधन

बुधवार, 30 नवंबर 2022 (22:05 IST)
चीन के पूर्व राष्ट्रपति जियांग जेमिन का बुधवार यानी आज 96 साल की उम्र में निधन हो गया। जियांग जेमिन को 1989 के तियानमेन स्क्वायर विरोध के बाद चीन के नेतृत्व के लिए चुना गया था। उन्होंने करीब एक दशक तक चीन पर शासन किया। जियांग जब कॉलेज में थे तब वे चीन की कम्युनिस्ट पार्टी में शामिल हो गए।

खबरों के अनुसार, पूर्व राष्‍ट्रपति जियांग जेमिन ल्यूकेमिया बीमारी से पीड़ित थे। इसके कारण उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। बीमारी के चलते ही उनकी मौत हो गई।

जियांग का निधन ऐसे समय हुआ है, जब कोरोनावायरस (Coronavirus) प्रतिबंधों के कारण चीन के अलग-अलग शहरों में भारी विरोध प्रदर्शन चल रहा है। जियांग के शासनकाल में तियानमेन स्क्वायर विरोध के बाद चीन में कोई बड़ा प्रदर्शन नहीं हुआ। पूर्व राष्ट्रपति जियांग ने अपने गृह शहर शंघाई में अंतिम सांस ली।

सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी, संसद, कैबिनेट और सेना ने चीन के लोगों को पत्र लिखकर उनके निधन की जानकारी दी। पत्र में लिखा गया है कि कॉमरेड जियांग जेमिन की मौत हमारी पार्टी और हमारी सेना और सभी जातीय समूहों के लोगों के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी