फ्रांस के आल्पस में हिमपात से फंसे हजारों वाहन

रविवार, 28 दिसंबर 2014 (17:14 IST)
पेरिस। फ्रांस के आल्पस क्षेत्र में भारी हिमपात से 15000 से ज्यादा वाहन फंस गए और लोगों को पूरी रात अपने वाहनों में गुजारना पड़ी।
 
बर्फबारी की वजह से छुट्टियां मनाने गए लोग दक्षिण-पूर्व फ्रांस के सावोई क्षेत्र में स्की रिसॉर्ट से  वापसी में फंस गए और प्रशासन को कम से कम 12 शहरों में आश्रय स्थल बनाने पड़े। बेलेदोने  पर्वत श्रृंखला में हाड़ कंपाने वाली ठंड और हिमपात से 27 वर्षीय एक व्यक्ति की तब मौत हो गई,  जब उसकी कार एक खाई में गिर गई।
 
फ्रांस के गृहमंत्री बर्नार्ड काजेनेयूवे ने एक बयान में ड्राइवरों और सैर-सपाटे पर गए लोगों से  अधिकतम सावधानी बरतने को कहा है। देश ने 19 क्षेत्रीय विभागों में ऑरेंज वेदर अलर्ट घोषित  किया है। मौसम का शीर्ष अलर्ट रेड है और इससे यह एक क्रम नीचे है।
 
4 यात्रियों के साथ आल्प्स में अपनी कार में फंसे एक ड्राइवर ने कहा कि 80 मील चलने में 10  घंटे लग गए। फ्रांस की मौसम सेवा ने कहा है कि और भी बर्फबारी हो सकती है। उसने फिसलनभरी  सड़कों के प्रति लोगों को आगाह किया है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें