जर्मनी ने दी राहत, भारत यात्रा पर लगा प्रतिबंध हटा

मंगलवार, 6 जुलाई 2021 (08:56 IST)
नई दिल्ली। जर्मनी ने कोरोना काल में भारत की यात्रा पर लगा प्रतिबंध हटा लिया है। इस फैसले से जर्मनी में रह रहे भारतीयों को बड़ी राहत मिली है। भारत के साथ ही ब्रिटेन और पुर्तगाल यात्रा पर लगे प्रतिबंध भी हटा लिए गए हैं।
 
वर्तमान में जर्मनी के कोविड 19 नियमों के अनुसार को बाहरी देश में कोरोना वायरस की स्थिति के मद्देनजर दो हफ्ते के क्वारंटीन और वैक्सीन की स्थिति को देखते हुए प्रवेश दिया जाता है। अब भारत सहित इन देशों के नागरिकों को कोरोना नेगेटिव टेस्ट दिखाने और 10 दिन के क्वारंटीन पर प्रवेश दिया जाएगा। हालांकि जर्मनी जाने के लिए लोगों को वैक्सीन के दोनों डोज लगवाने होंगे।

जर्मनी में डेल्टा वायरस स्वरूप से संक्रमण के मामलों का अनुपात बढ़ रहा है। कुल मामलों की संख्या बेहद कम है लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि आधे से ज्यादा नए मामले डेल्टा स्वरूप के संक्रमण के हैं।
 
चांसलर एंजेला मर्केल ने शुक्रवार को ब्रिटेन की यात्रा के दौरान संकेत दिया था कि ब्रिटेन पर यात्रा प्रतिबंध में जल्द ढील दी जाएगी। जर्मनी के 'वायरस स्वरूप क्षेत्र' की सूची में अब भी 11 देश बोत्सवाना, ब्राजील, इस्वातिनी, लेसोथो, मलावी, मोजाम्बिक, नामीबिया, जाम्बिया, जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और उरुग्वे शामिल रहेंगे।
 
उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन में इन दिनों कोरोना के लगातार नए मामले सामने आ रहे हैं, जबकि भारत में रोजाना करीब 40 हजार नए मामले सामने आ रहे हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी