इस प्रतियोगिता में कक्षा एक से तीन, कक्षा चार से छह और कक्षा सात से दस के छात्रों के तीन समूहों में 12-12 प्रविष्टियां चुनी जाएंगी। कुल 36 प्रविष्टियों में से प्रत्येक समूह से 4-4 फाइनलिस्ट चुने जाएंगे और कुल 12 अंतिम फाइनलिस्टों को गूगल अपने पेज पर डूडल के रूप में डालेगा। इसके बाद आमलोग हर एक कक्षा समूह के लिए एक वोट डाल सकेंगे।
हर समूह में विजेता चुने जाने के साथ ही एक राष्ट्रीय विजेता भी चुना जाएगा, जिसके डूडल को बाल दिवस 14 नवंबर के दिन गूगल अपने होमपेज पर लगाएगा। इस साल के लिए इस प्रतियोगिता की थीम ‘ए प्लेस इन इंडिया आई विश टू विजिट’ थी।
पिछले साल इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय महिलाओं को थीम बनाया गया था, जिसकी राष्ट्रीय विजेता पुणे की गायत्री केथारमन थीं। इस विषय में अधिक जानकारी के लिए डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट गूगल डॉट इन स्लैश डूडल4गूगल को देखें। (भाषा)