एफबीआई ने की हिलेरी क्लिंटन से पूछताछ

रविवार, 3 जुलाई 2016 (13:25 IST)
वॉशिंगटन। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने अमेरिका में राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन से ई-मेल मामले को लेकर पूछताछ की है। हिलेरी पर विदेश मंत्री के पद पर रहने के दौरान एक निजी ई-मेल सर्वर का उपयोग करने का आरोप है। उनसे यहां स्थित एफबीआई मुख्यालय में लगभग 3.30 घंटे तक पूछताछ चली। 
 
हिलेरी के प्रवक्ता निक मेरिल ने बताया कि उन्हें जांच में न्याय विभाग का सहयोग करके प्रसन्नता हुई है। जांच प्रक्रिया का सम्मान करते हुए हिलेरी पूछताछ के संबंध में कोई टिप्पणी नहीं करेंगी। हिलेरी से पूछताछ का अर्थ यह नहीं कि उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा। कानून के जानकारों के मुाताबिक ऐसा किया जाना लगभग नामुमकिन है। 
 
'स्काई न्यूज' की अमेरिकी संवाददाता कोरडेलिया लिंच ने कहा कि यह समय हिलेरी के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि डेमोक्रेटिक पार्टी के सम्मेलन को केवल कुछ ही हफ्ते बचे हैं जिसमें उन्हें औपचारिक रूप से डेमोक्रेटिक पार्टी का उम्मीदवार चुने जाने की संभावना है। 
 
हिलेरी ई-मेल मामले को लेकर माफी भी मांग चुकी हैं। जांच के लिए हिलेरी ने विदेश विभाग को अपने 30 हजार ई-मेल की जानकारी दी, लेकिन उन्होंने 30 हजार अन्य ई-मेल डिलीट भी कर दिए थे। (वार्ता) 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें