हिलेरी क्लिंटन को प्रवासी युवक ने किया परेशान

शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2015 (11:01 IST)
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार बनने की होड़ में सबसे आगे चल रही हिलेरी क्लिंटन को उत्तर कैरोलाइना के एक प्रवासी युवक ने चुनाव प्रचार के लिए निजी कारागार निगमों से कथित रूप से फंड लेने के मामले में प्रश्न पूछकर परेशान किया।
हिलेरी से कल एक समारोह में सवाल करने वाले जुआन कालरेस रामोस ने कहा, ‘हिलेरी क्लिंटन को हमारा संदेश स्पष्ट है : प्रवासी युवक आप पर भरोसा नहीं करते। अब समय आ गया है कि आप जेल से लिया गया धन लौटाएं और समुदाय के साथ खड़ी हों। आप दोनों चीजों को साथ लेकर नहीं चल सकतीं।’
 
‘यूनाइटेड वी ड्रीम’ के सदस्य रामोस ने कहा कि प्रवासी बंदियों में से आधे लोगों को निजी कारागारों में रखा जाता है। उन्होंने कहा, ‘हमें बहुत मुश्किल से विश्वास हुआ कि वह प्रवासियों की हिरासत समाप्त करने का वादा करके निजी कारागार कंपनियों से बड़ी राशि प्राप्त कर रही है।’
 
हिलेरी ने रामोस के प्रश्नों पर ध्यान नहीं दिया लेकिन कार्यक्रम की मेजबानी कर रही अभिनेत्री एवं गायिका रोसलिन सांचेज ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि जब कोई व्यक्ति राजनेताओं पर चिल्ला रहा होता है, तो वह अपनी बात जारी कैसे रख लेते हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें