भारत की चेतावनी को पाकिस्तान ने किया खारिज

बुधवार, 2 सितम्बर 2015 (18:49 IST)
इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने सीमित युद्ध की भारत के सेना प्रमुख की चेतावनी को खारिज किया है और कहा है कि उसके देश की सेना किसी भी विदेशी हमले से अपने देश की सम्प्रभुता तथा क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने में सक्षम है।
नियंत्रण रेखा तथा कामकाजी सीमा रेखा पर दोनों देशों की सेनाओं के बीच समय समय पर गोलीबारी  और इसे लेकर एक दूसरे के विरुद्ध आरोप प्रत्यारोप से दोनों देशों के बीच तनाव बढ रहा है।
 
युद्धविराम के बारबार के उल्लंघन और घुसपैठ के कथित प्रयास से नियंत्रण रेखा तथा कामकाजी सीमा  रेखा पर तनाव की स्थिति है जिसे देखते हुए भारत के सेना प्रमुख ने नई दिल्ली में मंगलवार को सीमित  युद्ध की बात कही। भारत तथा पाकिसतान के बीच पहले 3 युद्ध हो चुके हैं और सीमापर आए दिन  गोलीबारी की स्थिति है।
 
पाकिस्तान ने भारत के सेना प्रमुख की चेतावनी पर औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है किन्तु उसके विदेश  मंत्रालय के अधिकारी ने साफ किया है कि उसकी सेना विशेषकर भारत की असोर से हमले की स्थिति में  अपनी सम्प्रभुता और अखंड़ता की रक्षा करने में सक्षम है।
 
पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ भी कुछ दिन पहले दोनों परमाणु शक्ति सम्पन्न देशों के बीच  सीमित युद्ध की संभावना से इंकार कर चुका है। विदेश विभाग के अधिाकारी ने कहा कि सीमित युद्ध की  कोई गुंजाइश नहीं है और अगर आक्रमण हुआ तो पाकिस्तान उसके जवाब का निर्णय अपने हिसाब से  करेगा। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें