इंडोनेशिया में बारिश व भूस्खलन से 55 लोगों की मौत, 40 से अधिक लापता

सोमवार, 5 अप्रैल 2021 (12:12 IST)
जकार्ता। पूर्वी इंडोनेशिया में मूसलधार वर्षाजनित हादसों में कम से कम 55 लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग विस्थापित हो गए। देश की आपदा राहत एजेंसी ने बताया कि बारिश के कारण 40 से अधिक लोग लापता हैं। स्थानीय आपदा एजेंसी के प्रमुख लेनी ओला ने बताया कि ईस्ट नूसा टेंगारा प्रांत के एडोनारा द्वीप में आधी रात के बाद लामेनेले गांव में हजारों घरों पर आस-पास की पहाड़ियों से कीचड़ गिरा जिसके कारण मारे गए 38 लोगों के शवों को बचावकर्ताओं ने बरामद कर लिया है और कम से कम 5 लोग घायल हैं।

ALSO READ: भूस्खलन से बंद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 2 दिन बाद खुला
 
राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण एजेंसी ने बताया कि बाढ़ के कारण कम से कम 17 अन्य लोगों की मौत हो गई और कम से कम 42 लोग लापता हैं। एजेंसी प्रवक्ता रादित्या जती ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठप होने और सड़कों पर कीचड़ एवं मलबा होने के कारण राहत कार्य बाधित हुआ।

उन्होंने बताया कि रविवार रात तक सैकड़ों लोग राहत कार्य में जुटे रहे। बाढ़ और भूस्खलन के कारण कम से कम 6 गांव प्रभावित हुए हैं। प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान जान-माल के हुए नुकसान की सटीक जानकारी हासिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी