संयुक्त राष्ट्र में भारत के दूत सैयद अकबरुद्दीन ने ट्वीट किया- 'योग से प्रकाशमान हुआ संयुक्त राष्ट्र।' अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2016 पर न्यूयॉर्क स्थित प्रतिष्ठित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर योग मुद्राओं की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। संयुक्त राष्ट्र भवन पर प्रदर्शित इस तस्वीर में एक महिला को 'पर्वतासन' (अंग्रेजी के अक्षर 'वी' का उल्टा रूप) करते दिखाया गया है।
कार्यक्रम में संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष मॉरगन्स लिकेटॉफ, संचार एवं जन सूचना के लिए अवर महासचिव क्रिस्टीना गैलाच और ईशा फाउंडेशन के संस्थापक एवं आध्यात्मिक नेता जग्गी सद्गुरु शामिल होंगे, जो योगासन करेंगे।
योग पर आयोजित कार्यक्रम में संगीतमय मंत्रोच्चार के बीच जानी-मानी ब्रिटिश गायिका तान्या वेल्स संस्कृत में श्लोकों का उच्चारण करेंगी। अकबरुद्दीन ने इससे पहले इस सप्ताह के शुरू में कहा था कि इस साल के अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का जोर योग के संबंध में जागरूकता फैलाने पर रहेगा, क्योंकि योग का समग्र दृष्टिकोण है और यह महज शारीरिक गतिविधि नहीं बल्कि इससे सतत विकास का लक्ष्य हासिल करने में भी मदद मिल सकती है। (भाषा)