IS आतंकियों ने महिलाओं को बनाया सेक्स गुलाम...

मंगलवार, 16 सितम्बर 2014 (17:04 IST)
बगदाद। इस्लाम के नाम पर इराक में आतंक फैलाकर लोगों की खुलेआम हत्याएं कर रहे इस्लामिक स्टेट के आतंकवादी महिलाओं को बंधक बनाकर उनका यौन शोषण भी कर रहे हैं। इसका खुलासा इराक की एक किशोर वय लड़की ने किया है। 
 
terrorist
मेल ऑनलाइन की खबर के मुताबिक यह नाबालिग लड़की भी उन्हीं महिलाओं में से एक है, जिनका यौन शोषण इन लड़ाकों ने किया है। 17 साल की इस लड़की के मुताबिक वह उन 40 यजीदी महिलाओं में से एक है, जिन्हें सेक्स गुलाम के तौर पर इस्लामिक चरमपंथियों ने रखा था। उसे चार सप्ताह पहले तब बंधक बनाया गया था, जब आईएसआईएस ने उनके शहर पर कब्जा कर लिया था।
 
इन आतंकियों के हाथों प्रताड़ित इस लड़की के लिए यह समय काफी मुश्किल भरा था। उसे अक्सर यह खयाल आता था कि उसे पीट-पीट कर मार दिया जाएगा, लेकिन वह जिंदा रही। हालांकि उसे उम्मीद है कि वह अपने मां बाप से दोबारा मिल पाएगी।
 
पीड़ित लड़की को एक बार इटैलियन समाचार पत्र 'ला रिपब्लिका' से मोबाइल के जरिए बात करने की अनुमति मिली थी। इसके जरिए आईएसआईएस के लड़ाकों का मकसद दुनिया को इन लोगों के साथ किए जा रहे व्यवहार के बारे में बताना था। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक यजीदी लड़की ने कहा कि गुलाम के तौर रखी गई लड़कियों में कुछ की उम्र तो 13 साल से भी कम है।
 
लड़की के मुताबिक इन सभी लड़कियों को एक इमारत में बंद कर रखा गया है। मोसुल के दक्षिण में स्थित इस गांव की रखवाली हथियारों से लैस लड़ाके करते हैं। अल्पसंख्यक यजीदी समुदाय की सैकड़ों महिलाओं को सुन्नी आतंकियों ने बंधक बनाकर रखा है। एक जानकारी के मुताबिक इन बंधक महिलाओं की संख्‍या 300 के लगभग हो सकती है। 

वेबदुनिया पर पढ़ें