जिस चुनाव प्रचार में आबे को लगी गोली, वहां पार्टी की बड़ी जीत, अगले तीन सालों तक PM बने रहेंगे किशिदा

सोमवार, 11 जुलाई 2022 (10:57 IST)
टोक्यो। जापान की सत्तारूढ़ पार्टी और उसके सहयोगी गठबंधन को रविवार को हुए संसदीय चुनाव में भारी जीत हासिल हुई है। लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी और उसकी सहयोगी कोमैतो को 248 सदस्यीय सदन में 146 मत हासिल हुए, जो बहुमत के आंकड़े से काफी ज्यादा हैं। इस जीत से स्पष्ट हो गया है कि प्रधानमंत्री फूमिओ किशिदा वर्ष 2025 तक पद पर बने रहेंगे और राष्ट्रीय सुरक्षा तथा दीर्घकालिक नीतियों पर काम जारी रखेंगे। 
 
संसद के उच्च सदन के लिए हुए चुनाव में भारी जीत मिलने पर किशिदा ने सबका आभार जताया, लेकिन इस दौरान वह गमगीन दिखाई दिए। आबे की हत्या से उबरने और पार्टी को एकजुट रखने की बड़ी जिम्मेदारी उन पर है। उन्होंने कहा कि पार्टी की एकता किसी भी चीज से अधिक जरूरी है। कोविड-19 से निपटना, यूक्रेन पर रूस के आक्रमण से जुड़े मसले और बढ़ती कीमतें उनकी प्राथमिकताएं हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वह संविधान में सुधार की दिशा में तेजी से काम करेंगे।
 
शिंजो आबे की हत्या और उसके बाद हुए चुनाव के परिणामों के नए मायने हैं। देश के सभी नेताओं ने अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतंत्र को हिंसा से बचाने की जरूरत पर जोर दिया है। किशिदा ने कहा कि हम चुनाव जीते, इसके काफी मायने हैं। लोकतंत्र को बचाने की हमारी कोशिश जारी रहेगी।
(पीटीआई)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी