पूर्वी यूक्रेन में सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त, 25 लोगों की मौत

शनिवार, 26 सितम्बर 2020 (09:19 IST)
कीव। यूक्रेन के खार्किव क्षेत्र में एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त होने कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन के सरकारी अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में 3 सैन्य पायलट तथा कोझेदुब वायुसेना संस्थान के जवान सवार थे। दुर्घटना के समय विमान में चालक दल के 7 सदस्यों सहित 27 लोग सवार थे।
ALSO READ: अमेरिका के फ्लोरिडा में विमान दुर्घटना में 2 की मौत
अधिकारियों ने बताया कि विमान लैंडिंग के समय दुर्घटनाग्रस्त हुआ। महाभियोजक कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि प्रारंभिक सूचना के मुताबिक अभी तक 25 लोगों की मौत हुई है तथा 2 लोग घायल हुए हैं। घायलों की स्थिति गंभीर है और उनका उपचार किया जा रहा है।
 
प्रांतीय गवर्नर ओलेक्सी कुचर के अनुसार यह दुर्घटना विमान का इंजन फेल होने की वजह से हुई। उन्होंने कहा कि जैसा कि मुझे सूचना मिली है कि पायलट ने दुर्घटना से पहले इंजन फेल होने की सूचना दी थी। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि इसके बाद क्या हुआ? इसका खुलासा जांच के बाद होगा।
 
उन्होंने कहा कि हम पूरी परिस्थिति और दुर्घटना की वजहों का पता लगाने के लिए तत्काल एक आयोग का गठन कर रहे हैं। मैंने प्रधानमंत्री को संबंधित निर्देश दिए हैं। एक जांच दल पहले से ही मौके पर काम कर रहा है। कल रविवार को मैं खार्किव क्षेत्र में जाऊंगा। (वार्ता) (सांकेतिक चित्र)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी