राष्ट्रपति के नाम पर रखा कुत्ते का नाम

गुरुवार, 25 अगस्त 2016 (09:42 IST)
ओनित्शा,नाइजीरिया। नाइजीरिया में अपने पालतू कुत्ते का नाम राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी के नाम पर रखने और राष्ट्रपति का नाम उसके शरीर पर दो जगह लिखवाने के कारण उसके मालिक के खिलाफ लोगों को उकसाने और शांति भंग करने के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया गया है। 
                
दक्षिणी ओगुन प्रांत के पुलिस प्रवक्ता एबिम्बोला ओयेमी ने बताया कि यह व्यक्ति एक कुत्ता लाया और उसका नाम बुहारी रखा तथा उसके दोनों ओर बुहारी नाम लिखवाकर उसे उत्तरी इलाकों में रहने वाले लोगों के सामने ले गया। उत्तरी इलाके के एक नागरिक की शिकायत पर उसे गिरफ्तार किया गया लेकिन बाद में अदालत ने मुकदमा शुरू होने तक उसे रिहा कर दिया। हालांकि प्रवक्ता ने आरोपी का नाम नहीं बताया।
                
प्रवक्ता ने कहा, 'नाइजीरिया की अस्थिरता को ध्यान में रखते हुए उसकी हरकत उकसावे वाली और शांति भंग करने वाली हैं। नाइजीरिया, तेल के दामों में गिरावट से बेरोजगारी बढ़ने के कारण दशकों के सबसे खराब आर्थिक दौर से गुजर रहा है। देश में उत्तरवासी, जो मुस्लिम हैं और दक्षिणवासी ईसाइयों के बीच कभी-कभी तनाव पैदा हो जाता है। श्री बुहारी उत्तरवासी मुस्लिम हैं।(वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें