हमारे परमाणु कार्यक्रम का बहाना बना रहा है अमेरिका : उत्तर कोरिया

शुक्रवार, 31 मार्च 2017 (14:30 IST)
संयुक्त राष्ट्र। उत्तर कोरिया ने आरोप लगाया है कि अमेरिका खुद परमाणु हथियारों को प्रतिबंधित करने के खिलाफ है और अपने इस रुख को छिपाने के लिए वह उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम का इस्तेमाल एक बहाने की तरह कर रहा है।
 
उत्तर कोरिया के संयुक्त राष्ट्र मिशन में वाणिज्यदूत री सोंग चोल ने गुरुवार को एपी को बताया कि अमेरिका ने ही उनके देश को परमाणु हथियार बनाने और रखने के लिए मजबूर किया ताकि वह अमेरिकी उग्रता से अपनी रक्षा कर सके।
 
री ने कहा कि वह अमेरिकी राजदूत निक्की हेली की बात का जवाब दे रहे हैं। निक्की ने सोमवार को कहा था कि अमेरिका परमाणु हथियारों को प्रतिबंधित करने से जुड़ी संयुक्त राष्ट्र वार्ताओं में हिस्सा नहीं लेगा, क्योंकि उत्तर कोरिया समेत बुरे कारक एक संभावित संधि पर न तो हस्ताक्षर करेंगे और न ही उसका पालन करेंगे।
 
री ने कहा कि उत्तर कोरिया परमाणु हथियारों को खत्म करने के वैश्विक प्रयासों का समर्थन करता है लेकिन वह तब तक अपने हथियार नहीं छोड़ेगा कि जब तक दुनिया का परमाणु निरस्त्रीकरण नहीं हो जाता। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें