जागरूकता फैलाने ग्लेशियर पर पहुंचे ओबामा

बुधवार, 2 सितम्बर 2015 (12:10 IST)
अलास्का। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए अलास्का ग्लेशियर का दौरा किया जो लगातार सिकुड़ रहा है।
 
ओबामा मंगलवार को दक्षिण अलास्का में केनई जोड्स नेशनल पार्क गए और एग्जिट ग्लेशियर की पृष्ठभूमि में खड़े हुए। उन्होंने उस साइनपोस्ट की ओर इशारा किया जिससे पता चलता है कि यह विशाल ग्लेशियर वर्ष 1815 से लगातार सिकुड़ रहा है।
 
ओबामा ने कहा 'पिछले कुछ वर्षों में यह करीब डेढ़ मील सिकुड़ चुका है। ग्लेशियरों के सिकुड़ने की गति हर साल बढ़ रही है। जलवायु परिवर्तन की वजह से बर्फ तो कम होती जा रही है और गर्मी भी तेज हो रही है तथा इसकी अवधि भी बढ़ रही है।' राष्ट्रपति ने कहा कि इसका असर पार्क की वनस्पति पर पड़ा और बर्फ पिघलने के कारण समुद्र का जलस्तर भी बढ़ने लगा।
 
ओबामा ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हमारी आने वाली पीढ़ी इसे देख सके। वैश्विक तापमान में वृद्धि को रोकने की खातिर घरेलू कार्बन उत्सर्जन घटाने संबंधी नियमों और एक वैश्विक संधि के लिए समर्थन जुटाने के उद्देश्य से ओबामा अलास्का में हैं।
 
दिसंबर में दुनिया भर के प्रतिनिधि इस बारे में समझौता करने की कोशिश के तहत पेरिस में एकत्र होंगे।
 
सोमवार को ओबामा ने चेतावनी दी थी कि जलवायु परिवर्तन भविष्य की ही समस्या नहीं है बल्कि यह आज की चुनौती है और इसका असर अगली सदी में पड़ेगा। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें