टेरी में आरके पचौरी की नियुक्ति रोंगटे खड़े करने वाली: पीड़िता

बुधवार, 10 फ़रवरी 2016 (08:34 IST)
नई दिल्ली। आर के पचौरी को टेरी का कार्यकारी उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला ने टेरी की कड़ी आलोचना करते हुए पचौरी को हरित निकाय का कार्यकारी उपाध्यक्ष नियुक्त करने के फैसले को शर्मनाक बताया है। उसने कहा कि इस फैसले ने उसके रोंगटे खड़े कर दिये हैं और वह इस मामले को तार्किक अंजाम तक ले जाएगी।
 
एक खुले पत्र में टेरी (द एनर्जी एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट) की पूर्व कर्मचारी ने कहा कि टेरी की संचालन परिषद का फैसला घृणित है। संस्थान ने पचौरी के खिलाफ गंभीर आपराधिक आरोप होने के बावजूद उन्हें संस्थान को चलाने के लिए कार्यकारी शक्तियों के साथ उनकी नियुक्ति की है।
 
हालांकि, पचौरी के वकील आशीष दीक्षित ने कहा कि नियुक्ति में कुछ भी गलत नहीं है और शिकायतकर्ता विवाद को जिंदा रखने और अदालती कार्यवाही में विलंब करने का प्रयास कर रही है।
 
शिकायतकर्ता ने कहा, 'पूरी बेशर्मी। कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न, पीछा करने और आपराधिक धमकी के आरोपों का सामना कर रहे व्यक्ति को पदोन्नति के समाचार ने उसके रोंगटे खड़े कर दिए हैं।'
 
पचौरी को सोमवार को टेरी का कार्यकारी उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। पचौरी के लिए इस पद का सृजन किया गया था। हालांकि, यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर पचौरी के खिलाफ न्यायिक कार्यवाही चल रही है। पचौरी फिलहाल जमानत पर हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें