पाक में गोलीबारी, 3 पुलिसकर्मियों की मौत

बुधवार, 2 सितम्बर 2015 (19:01 IST)
पेशावर। पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी शहर के बाहरी इलाके में पुलिस और कुछ बंदूकधारियों के बीच हुई भारी गोलीबारी में बुधवार को कम से कम 3 पुलिसकर्मी मारे गए और 7 अन्य घायल हो गए। बंदूकधारी शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक मकान में छिपे हुए थे।
 
पुलिस का एक दल पेशावर जिले के ग्रामीण इलाके उरमूर में आतंकियों और घोषित अपराधियों की तलाश में अभियान चला रहा था। तभी अज्ञात सशस्त्र लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी शुरू हो गई।
 
3 पुलिसकर्मी मौके पर ही मारे गए जबकि सात घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल ले जाया गया। एक हमलावर भी मारा गया जबकि बाकी इस इलाके से भाग निकले। बाद में सुरक्षाबलों ने मकान से मोर्टार के खोल और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की।
 
पुलिस ने कहा कि हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए इलाके में खोज अभियान चलाया जा रहा है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें