पाकिस्तान में आसमान से बरसी आफत, 151 लोगों की मौत

मंगलवार, 4 अगस्त 2015 (21:36 IST)
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में मानसून की भारी बारिश के कारण आई विनाशकारी बाढ़ में कम से कम 151 लोगों की मौत हो गई और देश भर में आठ लाख से अधिक लोग इससे प्रभावित हुए हैं।
अधिकारियों ने आज बताया कि नदियों में जल स्तर बढ़ने के कारण पानी से घिरे लोगों तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले माह शुरू हुई भारी बारिश अब भी देश के विभिन्न हिस्सों में जारी है।
 
नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (एनडीएमए) के अनुसार खबर-पख्तूनख्वा प्रांत में 77, पंजाब में 32, पाकिस्तान के नियंत्रण वाले कश्मीर में 22, ब्लूचिस्तान में 13 और गिलगित बाल्टिस्तान में सात लोगों की मौत हो गई।
 
वर्षा और बाढ़ से संबंधित घटनाओं में 101 अन्य लोग घायल हो गए। साथ ही कम से कम 4,517 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। सेना और स्थानीय निकायों के कर्मचारियों ने अब तक 800,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
 
पाकिस्तान सरकार ने 481 राहत शिविरों और 150 चिकित्सा शिविरों की स्थापना की है। पाकिस्तान में पिछले साल मानसून के दौरान करीब 400 लोगों की जान गई थी जबकि हजारों एकड़ जमीन में खड़ी फसल बाढ़ में डूब गई थी। (भाषा)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें